[ad_1]

उधमपुर में कांग्रेस की जनसभा
– फोटो : संवाद
विस्तार
मोदी सरकार की देन अग्निवीर से एक 20 साल के युवक को चार साल बाद रिटायर कर दिया जाता है, जबकि जो लोग रिटायर्ड होने के लायक हैं, वे खुद को तीसरी बार जिताने की बात कर जनता के आगे हाथ फैला रहे हैं। हम अग्निवीर प्रथा को खत्म करेंगे। यह वादा शनिवार को उधमपुर के सुभाष स्टेडियम में कांग्रेस के स्टार प्रचारक राजबब्बर ने जनसभा को संबोधित करते हुए किया।
इंडिया गठबंधन की ओर से आयोजित जनसभा में राजबब्बर ने कहा कि जम्मू-कश्मीर की धरती पर कई शूरवीर पैदा हुए, कई ने देश के लिए कुर्बान हुए। बदले में केंद्र सरकार ने वर्तमान पीढ़ी को तोहफे में अग्निवीर दिया। बड़े-बड़े नेता आए और भाषण देकर चले गए। आज उन्हीं की एजेंसी, जो शिक्षा मंत्रालय की संस्था है उसके सर्वे के अनुसार, आज के वोटर के तीन मुख्य मुद्दे हैं।
सर्वे रिपोर्ट में 75 से 60 प्रतिशत तक जो मुद्दे सबसे ऊपर अव्वल तीन नंबर में आए हैं, उसमें एक बेरोजगारी, दूसरा महंगाई और तीसरा अग्निवीर है। यानी 75 प्रतिशत लोगों का मानना है कि महंगाई को बढ़ावा मिला है, जबकि 71 प्रतिशत लोग बेरोजगारी को सबसे बड़ा मुद्दा मान रहे हैं। लोगों का रोजगार छीन कर बेरोजगार कर दिया, तो युवाओं के लिए रोजगार तक नहीं है और 60 से 62 प्रतिशत लोग अग्निवीर को सबसे बड़ा मुद्दा मानते हैं।
जनसभा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विकास रसूल वानी ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली के अगले ही दिन यहां उमड़ी भीड़ उन लोगों की मनोदशा का सूचक है, जो अपने साथ हुए अन्याय और पीड़ा के लिए भाजपा को सबक सिखाना चाहते हैं। इस मौके पर पैंथर्स पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा मंत्री हर्ष देव सिंह, पूर्व मंत्री मनोहर लाल, प्रदेश चुनाव प्रभारी भरत सिंह, नेकां जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनोद खजूरिया, कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुमित मगोत्रा, पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र भगत मौजूद थे।
[ad_2]
Source link