मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काफिले पर कल हुए पथराव के मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में कुछ और लोगों की पहचान की गयी है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पटना के एसएसपी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार लोगों की पहचान कर अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. शेष लोगों को भी पहचान करने एवं गिरफ्तार करने की कार्रवाई चल रही है.ज़िलाधिकारी पटना ने मामले को अत्यंत गम्भीरता से लेते हुए अपर ज़िला दंडाधिकारी विधि व्यवस्था और पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय की दो सदस्यीय टीम गठित किया है। 24 घंटे के अंदर जांच प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारीयों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।8 अगस्त को सावन की अंतिम सोमवारी के दिन गौरीचक थाना के सोहगी गांव का लगभग 20 साल का एक लड़का सन्नी कुमार अपने परिवार के साथ रात के लगभग 2 बजे गायघाट गंगा नदी के किनारे जल लेने गया था। उसके परिवार वालों ने सूचना दी थी कि सन्नी कुमार उसी समय से गायब हो गया था. पुलिस द्वारा उसकी लगातार खोज की जा रही थी।आज बादशाही नाला में उसकी लाश मिली, जिसे पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजा गया था. मृतक सन्नी कुमार के परिजनों एवं अन्य लोगों द्वारा रोड जाम किया गया था।