[ad_1]

चाकू से गोदकर हत्या
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
सारण के परसा थाना क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता की चाकू से गोद-गोदकर निर्मम हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक डेरनी थाना क्षेत्र के पोझी गांव निवासी पुकार राय का 30 वर्षीय पुत्र सत्येंद्र राय बताया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह परसा थाना क्षेत्र में सब्जी की दुकान लगता था।
बता दें कि बुधवार रात सब्जी दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था, तभी बाइक सवार एक युवक उसको साथ लेकर चला। लेकिन, देर रात में घरवालों को सूचना मिली कि सत्येंद्र की हत्या कर दी गई है। उसके बाद परिवार के लोग भागे-भागे परसा थाना क्षेत्र अंतर्गत घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से जख्मी सत्येंद्र को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक के द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया।
वहीं, परसा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद गुरुवार को पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा। जहां शव का पोस्टमॉर्टम कराए जाने की प्रक्रिया हुई। मामले में मृतक के भाई और परिवार वालों ने बताया, सत्येंद्र परसा बाजार में सब्जी बेचता था। घर लौटने के दौरान रास्ते में ही कोई युवक मिला और उसे बाइक पर बैठाकर ले गया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई है। परिवार वालों का आरोप है कि उसकी हत्या सिर में गोली मारने के बाद चाकू से गोद-गोदकर की गई है। वहीं, परसा थाना अध्यक्ष ने बताया कि सत्येंद्र की हत्या चाकू और धारदार हथियार से मारकर की गई है।
वहीं, गोली मारे जाने की बात का थाना अध्यक्ष ने खंडन किया है। उन्होंने बताया कि सिर, गले और अन्य जगहों पर उसे चाकू से गोदा गया है, जिसके कारण उसकी मौत हुई है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम किया गया है। वहीं, इस घटना के बाद शक के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पांच दिन से लापता मजदूर का शव नदी से बरामद
सारण में पांच दिनों से लापता एक मजदूर का शव गुरुवार सुबह डोरीगंज थाना अंतर्गत बलवन टोला के समीप सोन नदी से बरामद किया गया। फिलहाल, उसकी मौत संदेहास्पद बनी हुई है। क्योंकि, परिवार वालों के अनुसार मारपीट कर उसकी हत्या की गई है। जबकि पुलिस का अंदेशा है कि नाव दुर्घटना में उसकी मौत हुई होगी। शव की पहचान होने के बाद परिजन वहां पहुंचे, वहीं सूचना के बाद स्थानीय थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा।
जहां मृत व्यक्ति की पहचान जिले के दरियापुर थाना क्षेत्र के सुमेशपट्टी गांव निवासी गजाधर साहनी के 52 वर्षीय पुत्र भुटेली सहनी के रूप में की गई। परिवार वालों के अनुसार वह मछली मारने के साथ-साथ बालू के नाव पर मजदूरी भी करता था। पांच दिनों से वह लापता था, इसी बीच उन्हें सूचना मिली कि उसका शव डोरीगंज थाना अंतर्गत बलवन टोला के समीप स्थित सोन नदी के उत्तरी किनारा से बरामद किया गया है।
सूचना के बाद वे लोग वहां पहुंचे और देखा कि उसके शरीर पर जख्म के निशान और पैर में जलने का भी निशान है। हालांकि, समाचार प्रेषण तक इस मामले में प्राथमिकी की प्रक्रिया चल रही थी। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम छपरा सदर अस्पताल में कराए जाने के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है।
[ad_2]
Source link