[ad_1]

तेज रफ्तार ने ली दो युवकों की जान
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
कासगंज के ढोलना कोतवाली क्षेत्र के गांव महावर के समीप दो बाइकों की बृहस्पतिवार आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें दोनों बाइकों के चालकों की मौत हो गई। जबकि दो सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला एटा के थाना क्षेत्र मिरहची के बडौली गोबरा निवासी कौशल (32) पुत्र प्यारेलाल अपने रिश्तेदार गोपालपुर जलेसर एटा निवासी शिवचरन (40) पुत्र गोकुल सिंह के साथ ढोलना थाना क्षेत्र के गांव फिरोजपुर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक ढोलना थाना क्षेत्र के गांव महावर के समीप पहुंची तभी सामने से आ रही बाइक से आमने सामने की टक्कर हो गई। इस बाइक पर नगला सैय्यद अहरोली निवासी सौरव (28) पुत्र लेखराज गांव के ही बिट्टू (36 ) पुत्र देशराज बैठे थे। वे अलीगढ़ के गंगीरी के बूढ़ा गांव से बाइक से कासगंज वापस आ रहे थे।
हादसे के बाद काफी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने कौशल और सौरव को मृत घोषित कर दिया। वहीं दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। हादसे की सूचना पाकर मृतकों और घायलों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। ढोलना थाना प्रभारी ब्रजपाल सिह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। वहीं दो लोग घायल हैं।
छह बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
नगला सैय्यद अहरोली निवासी सौरव एक निजी कंपनी में प्रचार प्रसार का कार्य करके परिवार का पालन पोषण करता था। उसके दो बेटे राज (9) व अर्चित (4) हैं। सौरव की मौत से इन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उसकी पत्नी रीना के सामने बच्चों के भरण-पोषण की समस्या आ गई है। तहेरे भाई दीपक ने बताया कि वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। वहीं मृतक कौशल के चार बच्चे हैं। जिसमें तीन बेटी व एक बेटा है। दीपांशी (10), शानवी (4), मेघा (3) और पुत्र शनी (डेढ वर्ष) है। मृतक की पत्नी मीरा देवी के सामने बच्चों के भरण पोषण की चिंता है।
सात बहनों के बीच अकेला भाई था कौशल
सड़क हादसे में मृतक कौशल की बहन पचो देवी ने बताया कि वह सात बहनों के बीच अकेला भाई था। अकेले भाई की मौत ने जहां उसकी बहनों को सदमे में ला दिया है वहीं उसकी मां भूदेवी भी आहत है। वह भी सदमे में आ गई है।
[ad_2]
Source link