[ad_1]

जांच में जुटी पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के दरभंगा जिले में प्रेम प्रसंग के मामले में युवक द्वारा शादी करने से इनकार करने पर युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के फरदाहा गांव के देवर टोली की है। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। बहेड़ा थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका इसी गांव के निवासी शिवकुमार लाल देव की बेटी प्रीति कुमारी (17) बताई गई है। वह इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी।
युवती ने डिप्रेशन में की आत्महत्या
वहीं, घटना को लेकर मृतका के चाचा अरुण लाल देव ने बताया कि गांव के ही एक दिलीप लाल देव से प्रीति का प्रेम प्रसंग चल रहा था। गत 12 दिसंबर को प्रीति के कमरे में घरवालों ने लड़के को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके बाद ग्रामीणों ने लड़के के पिता को बुलाकर पंचायत की, जहां प्रेमी ने शादी करने से इनकार कर दिया। वहीं, लड़के के पिता ने शादी करने के एवज में 15 लाख रुपये के दहेज की मांग कर दी। इसके बाद लड़की के घरवालों ने प्रेमी दिलीप लाल देव के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करा दिया। बताया जा रहा है कि प्रेमी के शादी से मुकरने के बाद प्रीति डिप्रेशन में रहने लगी और उसने खुदकुशी कर ली।
खिड़की तोड़कर निकाला गया शव
मृतका के चाचा अरुण लाल देव ने बताया कि प्रीति के कमरे का दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला तो परिजनों ने बंद कमरे को खटखटाया। इसके बाद दरवाजे की दरार से जब दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका शव दिखा तो परिजनों में अफरातफरी मच गई। फिर कमरे की खिड़की तोड़कर शव को बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि प्रीति अपने पिता की इकलौती संतान थी। घटना से बुजुर्ग माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है।
बहेड़ा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। बहेड़ा थाना के प्रभारी एसएचओ शिवकुमार राम ने बताया मामले में आवेदन मिलने पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है।
[ad_2]
Source link