Bihar: बुजुर्ग महिला ने भाजपा MLC को जमकर सुनाई खरी खोटी, फिर साग-भात खाने घर आने का दिया न्यौता; जानें क्यों

[ad_1]

Bihar: An elderly woman scolded BJP MLC, then invited him to come home to eat vegetables

एमएलसी के सामने आपबीती सुनातीं बुजुर्ग महिला
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


केंद्र सरकार की विकसित भारत संकल्प यात्रा रथ के रथी बनकर बीजेपी एमएलसी दिलीप सिंह औरंगाबाद के देव प्रखंड के पूर्वी केताकी पंचायत के भटकुर गांव पहुंचे। यहां पेंशन न मिलने से नाराज एक ग्रामीण बुजुर्ग महिला ने एमएलसी दिलीप सिंह को जमकर खरी खोटी सुनाई। बाद में महिला ने एमएलसी को साग-भात खाने अपने घर पर आने का न्यौता भी दिया। एमएलसी ने भी आमंत्रण को स्वीकार कर महिला को उसके घर आकर साग-भात खाने का भरोसा दिलाया।

जानकारी के मुताबिक, पूर्वी केताकी पंचायत के गंजोइ टोले शबरीनगर निवासी दिवंगत रामेश्वर भुइयां की पत्नी बृहस्पति देवी विकसित भारत संकल्प यात्रा के तहत आयोजित कार्यक्रम में वृद्धा पेंशन योजना का लाभ पाने के इरादे से पहुंची थीं, क्योंकि पति की मौत के बाद से उन्हें पारिवारिक पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था। इस वजह से वह पहले से ही काफी नाराज थीं। रही सही कसर कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के न पहुंचने से पूरी हो गई और बुजुर्ग महिला का पेंशन से संबंधित काम नहीं हो सका। इसे लेकर बुजुर्ग महिला कुछ ज्यादा ही भड़क गई। यही वजह रही कि जब मौके पर मौजूद बीजेपी एमएलसी दिलीप कुमार सिंह ने बुजुर्ग महिला से बात करनी चाही तो वह उन पर भी भड़क उठीं। महिला ने एमएलसी को भी खरी खोटी सुना दी। इसके बाद एमएलसी ने करीब पांच मिनट तक महिला से बात की। उसकी समस्याओं को सुना।

उसके बाद बीजेपी एमएलसी ने कहा कि जिन अधिकारियों को यह सब कार्य करना है, वे अधिकारी गायब हैं। सरकार और जिला प्रशासन के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को भटकना पड़ रहा है। उन्होंने वहां मौजूद सरकारी कर्मियों और कार्यकर्ताओं को कहा कि महिला का कार्य दस दिनों के अंदर हो जाना चाहिए। अन्यथा संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मामला सदन तक उठाया जाएगा।

इन बातों को सुनने पर जब महिला को यह पता चला कि उनके सामने खड़े व्यक्ति नेता (विधान पार्षद) हैं तो महिला ने भड़कने के बजाय उनसे हंसते हुए बात की। उसके बाद उसने विधान पार्षद दिलीप सिंह को अपने घर पर चने का साग और भात खाने के लिए आमंत्रित किया। वहीं, विधान पार्षद ने महिला को आश्वासन दिया कि आपका काम हो जाने के बाद घर आऊंगा और साथ बैठकर साग-भात खाऊंगा।

कार्यक्रम में बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, आयुष्मान योजना, पेंशन योजना, जॉब कार्ड, मनरेगा और आपूर्ति सहित अन्य विभाग के कर्मियों की उपस्थिति होनी थी, लेकिन एक दो विभाग छोड़कर कई विभागों के अधिकारी और कर्मी गायब रहे। इस कारण ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ। हालांकि कार्यक्रम में पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण मौजूद रहे, लेकिन काम नहीं होने से उन्हें निराशा हाथ लगी।

कार्यक्रम में विधान पार्षद के अलावा भाजपा के औरंगाबाद जिलाध्यक्ष मुकेश शर्मा, औरंगाबाद नगर परिषद के मुख्य पार्षद उदय गुप्ता, भाजपा के जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक कुमार सिंह, औरंगाबाद नगर अध्यक्ष पिंटू कुमार, जिला कोषाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *