[ad_1]

सरफराज खान
– फोटो : PTI
विस्तार
पदार्पण टेस्ट मैच की अपनी पहली पारी में ही अर्धशतक जमाने वाले सरफराज खान का अंदाज शुरू से विस्फोटक रहा है। मुरादाबाद में नौ साल पहले खेले गए रणजी ट्रॉफी मैच में सरफराज ने आतिशी पारी खेली थी। उन्होंने 164 गेंदों में 155 रन बनाए थे। तब पहली बार सरफराज ने अपनी बल्लेबाजी की धमक से चयनकर्ताओं के मन में दस्तक दी थी।
बात अक्तूबर 2015 की है। उस समय तीर्थंकर महावीर विश्वविद्यालय के मैदान पर रणजी ट्रॉफी के एक मैच का आयोजन हुआ था। मुकाबला यूपी व मध्य प्रदेश की टीम के बीच खेला गया था। सरफराज खान मुंबई की टीम छोड़कर उत्तर प्रदेश की ओर से रणजी खेल रहे थे।
तीन विकेट गिरने के बाद दाएं हाथ के तेज तर्रार बल्लेबाज सरफराज खान पिच पर आए और शुरुआत से ही तेज खेले। उन्होंने मध्य प्रदेश के गेंदबाजों की खूब पिटाई की थी। चौका जड़कर अर्धशतक व शतक पूरा किया था।
इस मैच में उन्होंने 15 चौके और चार आसमानी छक्के जड़कर 150 रन पूरे किए तो युवा बल्लेबाज के अभिवादन के लिए पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा था। 155 रन बनाकर सरफराज पवेलियन लौट गए थे। उनकी पारी की मदद से यूपी ने 686 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। उनसे पहले अलमास शौकत 128 रन की पारी खेलकर टीम के मजबूत शुरुआत दे चुके थे।
प्रवीण कुमार थे यूपी टीम के कप्तान
टीएमयू में मैच के दौरान यूपी व एमपी की टीम में कई दिग्गज शामिल थे। इनमें भारतीय टीम के पूर्व तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार कप्तानी कर रहे थे। स्पिनर पीयूष चावला, चाइनामैन कुलदीप यादव भी थे। मैच में सिर्फ दो गेंदबाजों को सफलता मिली थी।
अंकित राजपूत ने यूपी की ओर से चार विकेट लिए थे, जबकि कुलदीप को तीन विकेट मिले थे। मोहम्मद सैफ ने 198 रन की पारी खेली थी। जबकि विकेट कीपर बल्लेबाज नमन ओझा मध्य प्रदेश की टीम का हिस्सा थे। उन्होंने 88 रन की पारी खेली थी।
[ad_2]
Source link