[ad_1]

राजोरी में विलाप करते परिजन
– फोटो : संवाद
ख़बर सुनें
विस्तार
राजोरी के अल्फा टीसीपी पर हुई गोलीबारी में जिन दो लोगों कमल और सुरिंदर की मौत हुई है उनके घरों में मातम छाया है। उनके मासूम बच्चों को नहीं पता कि उनके पिता अब कभी घर नहीं लौटेंगे। दोनों के शव देखने जब परिवार के लोग और दोनों की पत्नियां घटनास्थल पर पहुंचीं तो उनके विलाप को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि जो लोग सुबह घर से काम करने के लिए गए, कुछ ही देर बाद उनके शव खून से लथपथ सड़क किनारे पड़े मिलेंगे। दोनों मृतकों सुरिंदर कुमार और कमल कुमार की पत्नियां उनके शवों के पास बेसुध बैठी थीं।
दोनों के छोटे-छोटे मासूम बच्चे नहीं समझ पर रहे थे कि उनके पिता को क्या हुआ है। यहां इतनी भीड़ क्यों जमा है। दोनों महिलाओं और अन्य परिजनों का बुरा हाल था। उनके पुरुष परिजन उनको न्याय दिलाने के लिए धरना प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन उनके बच्चे कुछ समझ नहीं पर रहे थे।
मृतक सुरिंदर की पत्नी ने बदहवास होते हुए बताया कि कुछ ही देर पहले उसके पति उससे मिलकर आए थे, और कहा था कि शाम काम खत्म करके लौटूंगा तो बच्चों के लिए कुछ सामान आदि लूंगा, लेकिन थोड़ी देर बाद उनकी मौत की खबर सुनकर यकीन नहीं आ रहा कि किन कारणों से उनकी जान ले ली गई और हमारा सब कुछ छिन गया।
शव का पोस्टमार्टम होने के बाद जब दोनों के शव घर पहुंचे तो एक बार फिर से घर का और आसपास का माहौल गमगीन हो गया। पूरे इलाके में सिर्फ रोने और चीखने की आवाजें ही सुनाई दे रही थीं और हर कोई रोते बिलखते उनके लिए न्याय की मांग कर रहा था। पुलिस दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी राजोरी ले गई।
गोली कांड की निष्पक्ष और पेशेवर तरीके से जांच की जाएगी। सच को सामने लाया जाएगा, ताकि लोगों का विश्वास बरकरार रहे। – डॉ. हसीब मुगल, डीआईजी ,राजोरी-पुंछ रेंज
सात घंटे बंद रहा राजोरी-जम्मू हाईवे, वाहनों की लगी कतार
राजोरी-जम्मू हाईवे स्थित अल्फा टीसीपी के पास हुई गोलीबारी में दो स्थानीय लोगों की मौत और एक व्यक्ति के घायल होने के बाद लोगों ने गुस्से में आकर हाईवे जाम कर दिया। थोड़ी देर के बाद राजोरी को कालाकोट से जम्मू के साथ जोड़ने वाली सड़क को भी जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस कारण सात घंटे तक राजोरी को जम्मू से जोड़ने वाली सड़क पर कोई भी वाहन जम्मू की ओर नहीं जा सका। वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके की नजाकत को देखते हुए राजोरी के सैलानी पुल पर नाका लगा दिया, जिस दौरान किसी भी गाड़ी को राजोरी-जम्मू हाईवे पर नहीं चलने दिया गया।
सभी को कालाकोट-ढंगरी रोड पर डायवर्ट कर दिया, लेकिन उक्त रोड पर भी प्रदर्शन शुरू हो गया और जम्मू जाने वाले सभी वाहन यहां वहां खडे़ कर दिए गए। दोनों सड़कों पर यातायात ठप होने से राजोरी आने और राजोरी से जम्मू जाने वाले कई लोगों को कड़ी दिक्क़तों का सामना करना पड़ा और सात घंटे बाद जब प्रदर्शन शांत हुआ और यातायात बहाल हुआ।
[ad_2]
Source link