[ad_1]

शराब ठेके पर हंगामा करती महिलाएं, समझाती पुलिस
– फोटो : संवाद
विस्तार
ताजनगरी आगरा के एत्मादपुर में सोमवार को हाईवे किनारे स्थित देशी शराब के ठेके पर महिलाओं ने हंगामा कर दिया। महिलाओं ने पालिका कार्यालय के पास स्थिथ इस ठेके को हटाने की मांग की। बस्ती की महिलाओं ने धावा बोलकर दुकान से शराब के कार्टून नाले व हाईवे पर फेंक दिए। सड़क पर रखकर कुर्सी व गत्तों में आग लगा दी। इसके बाद महिलाएं तहसील में एसडीएम से मिलने पहुंची। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर महिलाओं को समझाया।
नगर में पालिका कार्यालय के पास बस्ती में देसी शराब ठेके को हटाने के लिए दलित बस्ती की महिलाओं ने पूर्व में कई बार अधिकारियों को लिखित शिकायत की थी। अधिकारियों ने नए वित्तीय वर्ष में शराब का ठेका हटाने का आश्वासन दिया था।
नए वित्तीय वर्ष में भी शराब का ठेका पहले वाली दुकान के बराबर में खुल गया। जिसकी जानकारी होते 15-20 महिलाएं व बच्चे पहुंच गए। महिलाओं को देखते ही ठेके पर मौजूद सेल्समेन भाग निकले। जिसके बाद महिलाओं ने शराब की बोतलें हाईवे पर फेंकना शुरू कर दिया, जिन्हें उठाने के लिए राहगीरों में मारामारी होने लगी। जिससे यातायात भी बाधित हुआ।
महिलाओं ने शराब के कार्टन नाले में फेंक दिए। ठेके में रखी कुर्सी व अन्य सामान में सड़क पर रखकर आग लगा दी। महिलाओं का आरोप है कि नियम के विरुद्ध शराब का ठेका चलाया जा रहा है। ठेके के दो सो मीटर की दूरी पर दो इंटर कॉलेज व दो मंदिर है।
यहां आए दिन शराबी हंगामा व महिलाओं से अभद्रता करते रहते है। शराब का ठेका आगरा फिरोजाबाद बॉर्डर का है, जो बस्ती में खोला गया है। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। जिसके बाद आक्रोशित महिलाएं एसडीएम के कार्यालय पहुंच गईं।
जॉइंट मजिस्ट्रेट कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पूर्व में महिलाओं की शिकायत पर जांच कराई गई थी। आबकारी की ओर से ठेके पर जुर्माना भी लगाया गया है। दोबारा जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
एसीपी डॉ सुकन्या शर्मा ने बताया कि ठेके के सेल्समेन की ओर से अज्ञात महिलाओं के खिलाफ तोड़फोड़ और 13 हजार रुपये गायब करने की तहरीर दी गई है। जांच की जा रही है।
[ad_2]
Source link