पटना में बुधवार को पाटलिपुत्र बस टर्मिनल कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई. इस बैठक में पटना के बैरिया स्थित पाटलिपुत्र बस टर्मिनल के सुगम संचालन एवं यात्रियों की सुविधा के लिए प्रस्तावों पर विमर्श किया गया तथा आवश्यक निर्णय लिया गया. इस बैठक में यात्री सुविधाओं को और अधिक बेहतर बनाने पर बल दिया गया.बैठक में बुडको के कार्यपालक अभियंता द्वारा पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से सुगमता पूर्वक बसों के परिचालन हेतु एजेंडा वार रिपोर्ट पेश की गई. पीबीटी परिसर में नवनिर्मित ड्रायवर डॉर्मिटरी तथा शौचालय के रख-रखाव, उपयोग एवं नियंत्रण; साफ-सफाई, सुरक्षा कार्य, बुडको द्वारा कराए जा रहे योजना अंतर्गत अवशेष कार्यों में प्रगति इत्यादि पर भी चर्चा की गई. इस मौके पर बस एवं ऑटो एसोशिएशन तथा अन्य संघों के प्रतिनिधियों द्वारा सुझाव तथा जानकारी दी गई.
बस टर्मिनल पर दैनिक कार्यों के सुगमता से संचालन हेतु एक उप समिति का निर्माण किया जाएगा. इसमें नगर विकास विभाग के सहायक अभियंता, पुलिस उपाधीक्षक यातायात, प्रभारी पदाधिकारी पीबीटी, प्रभारी आईएसबीटी, नगर प्रबंधक एवं अन्य रहेंगे. उप समिति की बैठक महीने में कम से कम दो बार होगी. बैठक में दैनंदिन कार्यों के सम्पादन को सुगमता से सम्पन्न करने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.