Aligarh News: बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी, तीन युवकों की मौत, आंबेडकर जयंती के लिए टी शर्ट लेने गए थे

[ad_1]

Bike rammed into tractor trolley three youths died

युवकों की मौत के बाद विलाप करते परिजन
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार

एनएच-91 पर अरनिया थाना क्षेत्र के पहावटी गांव चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुस गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। अलीगढ़ निवासी तीनों युवक अरनिया मुनी गांव में खरीदारी करने आए थे। हादसे के बाद सीओ खुर्जा दिलीप सिंह और एसडीएम राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। 

अलीगढ़ के थाना छर्रा के गांव रामपुर निवासी युवक ने बताया कि उसका भाई शशि कपूर (18) पुत्र राजपाल, चचेरा भाई वीरेश (22) पुत्र चंद्रपाल और उनका दोस्त थाना गोंधा क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग निवासी सचिन (19) पुत्र खचेड़ू सिंह आंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा की तैयारी में लगे हुए थे। इसी के चलते तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर शुक्रवार सुबह डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र लगी हुई टी-शर्ट लेने के लिए अरनिया क्षेत्र के मुनी गांव में आए थे। मुनी गांव से उन्होंने 20-25 टीशर्ट ली थी और उनको लेकर बाइक से वापस अलीगढ़ के लिए आ रहे थे। 

एनएच-91 पर उनकी बाइक के आगे ट्रैक्टर-ट्रॉली चल रही थी। यू-टर्न लेने के लिए चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अचानक रोक दिया। ऐसे में पीछे चल रही बाइक ट्रॉली के नीचे घुस गई और तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायल युवकों को मुनी सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। इसमें तीनों के सिर और छाती में चोट अधिक लगी थी।

हादसे की सूचना पर परिजन पहले अस्पताल पहुंचे और थाने में भी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। सीओ दिलीप सिंह का कहना है तीनों युवकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

कपड़ों के बोझ से अनियंत्रित हुई बाइक

थाना प्रभारी यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि तीनों युवक बिन हेलमेट के बाइक पर चल रहे थे। साथ में उन्होंने टी-शर्ट भी पकड़ी हुई थी। ऐसे में बाइक पर बोझ अधिक था। इसी के चलते बाइक अनियंत्रित हो गई। लोगों से लगातार यातायात नियमों के पालन करने की अपील की जाती है।

आंबेडकर जयंती मनाने के लिए टी शर्ट लेने गए थे, वापस नहीं लौटे 

ग्रामीणों ने बताया कि एक दिन पूर्व बाबा साहेब की जयंती मनाने के लिए 50 टी-शर्ट आईं थीं। कम पड़ने के कारण तीनों युवक एक बाइक पर बिना हैलमेट के टी-शर्ट लेने गए। लौटते समय हादसे में तीनों की मौत हो गई। मृतकों ने अपने पीछे माता-पिता के अलावा चार भाई व एक बहन और वीरेश ने माता-पिता के अलावा पांच भाई और एक बहन को बिलखते हुए छोड़ा है।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *