[ad_1]
बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा को अब सिर्फ तीन दिन का समय शेष बचा है, लेकिन धाम को जाने वाला आस्था पथ अभी तक यात्रा के लिए तैयार नहीं हो पाया है। जोशीमठ के समीप सेलंग, बिरही चाड़ा, टैय्या पुल और झड़कुला में हाईवे बेहद तंग हालत में पहुंच गया है।
यात्रा शुरू होने के ठीक पहले जोशीमठ बाजार में सीवर लाइन और नाली निर्माण के लिए हाईवे को जगह-जगह खोदा गया है जिससे यात्रा संचालन में दिक्कतें आ सकती हैं। एनएचआईडीसीएल (राष्ट्रीय राजमार्ग एवं ढांचागत विकास) और बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) ने 20 अप्रैल तक हाईवे को पूरी तरह से चाक-चौबंद करने का दावा किया था, लेकिन ग्राउंड रिपोर्ट यह है कि मई माह के अंत तक ही हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए सुगम हो पाएगा।
चमोली बाजार से बदरीनाथ धाम तक लगभग 98 किलोमीटर बदरीनाथ हाईवे गुजरता है। चमोली से सेलंग तक हाईवे पर ऑलवेदर रोड परियोजना कार्य पूर्ण हो गया है। यहां कुछ जगहों पर एनएच की ओर से डामरीकरण की तैयारी की जा रही है। बिरही चाड़े में चट्टान कटिंग और पुश्ता निर्माण कार्य जारी है। यहां करीब 20 मीटर तक सड़क संकरी और खतरनाक बन गई है।
हाईवे के बीचोबीच चल रही खुदाई
जोशीमठ से करीब पांच किलोमीटर पहले सेलंग, झड़कुला और जोगीधारा में हाईवे पर हिल कटिंग का काम अभी आधा-अधूरा हुआ है। यहां हाईवे किनारे बोल्डर और मलबे का निस्तारण भी नहीं किया गया है। जिससे वाहनों को आवाजाही में दिक्कतें आएंगी। जोशीमठ बाजार में मारवाड़ी चौक पर सीवर लाइन को ठीक करने क लिए हाईवे के बीचोबीच खुदाई चल रही है। जबकि बाजार में डामरीकरण कार्य भी शुरु कर दिया गया है।
छावनी बाजार की ओर हाईवे किनारे नाली निर्माण कार्य चल रहा है। जोशीमठ से मारवाड़ी तक हाईवे डामरीकरण कार्य अब शुरु हो रहा है। बदरीनाथ धाम और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा जोशीमठ-नृसिंह मंदिर मार्ग पर संचालित होनी है, लेकिन अभी तक यह मार्ग भी तैयार नहीं हुआ है। यहां पुश्ता निर्माण कार्य चल रहा है। मौसम खराब हुआ तो कार्य पिछड़ जाएगा।
खतरनाक स्थानों पर पुलिस के जवान रहेंगे तैनात
बदरीनाथ हाईवे के खतरनाक स्थानों पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि बिरही चाड़ा, सेलंग, जोगीधारा, टैय्या पुल, जोशीमठ से मारवाड़ी तक जगह-जगह ट्रेफिक कंट्रोल करने के लिए जवानों की तैनाती की जाएगी।
ये भी पढ़ें…Badrinath Dham: भगवान बदरीनाथ की करोड़ों की जमीन पर अवैध कब्जे, लखनऊ, महाराष्ट्र तक के नाम पर है भूमि दर्ज
बदरीनाथ हाईवे को व्यवस्थित करने का काम जारी है। जहां वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें आएंगी, वहां ट्रेफिक को कंट्रोल किया जाएगा। बीआरओ और एनएचआईडीसीएल को हाईवे किनारे मलबा और बोल्डरों को हटाने के निर्देश दे दिए गए हैं। मई पहले सप्ताह तक हाईवे की स्थिति बेहतर हो जाएगी। -हिमांशु खुराना, डीएम, चमोली
[ad_2]
Source link