[ad_1]

गिरफ्तार (सांकेतिक)
– फोटो : Social Media
विस्तार
सीआईडी की टीम ने हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) की लाउंड्री में काम करने वाले चार लोगों को आईपीएल क्रिकेट मैच के टिकट ब्लैक में बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी 1,200 का टिकट 4,500 रुपये में बेच रहे थे। पकड़े गए आरोपियों में लाउंड्री में धोबी का काम कर रहा मोहम्मद मुश्ताक और उसका बेटा मोहम्मद हारुण निवासी बिजनौर, पहरवाला गांव (उत्तर प्रदेश), अरशद बागले निवासी महाराष्ट्र और सत्यम निवासी पठानकोट शामिल हैं। सीआईडी की टीम ने स्टेडियम के अंदर जब ब्लैक हो रही टिकटों का भंडाफोड़ किया तो आरोपियों ने पुलिस कर्मचारियों के साथ मारपीट भी की। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना धर्मशाला में मामला दर्ज करवाया गया है।
गुप्तचर विभाग धर्मशाला को गुप्त सूचना मिली थी कि क्रिकेट स्टेडियम में टिकट काउंटर के साथ लगती एचपीसीए की लाउंड्री में कुछ लोग मैच के टिकट ब्लैक कर रहे हैं। टीम ने जाल बिछाया और आरोपी उसमें फंस गए। आरोपियों से 1,000 और 1,200 रुपये मूल्य के 12 टिकट भी बरामद किए गए हैं। सीआईडी की मानें तो आरोपी 100 से अधिक टिकट ब्लैक में बेच चुके हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने बताया कि आरोपी एचपीसीए के कर्मचारी नहीं थे। एचपीसीए ने इनको लाउंड्री का काम ठेके पर दे रखा था। ठेका रद्द कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
[ad_2]
Source link