[ad_1]

कठुआ के एक गांव में पहली बार बस पहुंचने पर चालक का स्वागत करते लोग
– फोटो : संवाद
विस्तार
कठुआ जिले की बनी सब डिवीजन के दूरदराज क्षेत्र रौल्का के लोगों को आजादी के सात दशक बाद बस सुविधा मिली है। शुक्रवार को पहली निजी बस के गांव में पहुंचने पर क्षेत्र के लोगों ने चालक का हार पहनाकर स्वागत किया। गांव के लोगों के लिए कठुआ से गुट्टू तक यह बस सेवा शुरू हुई है।
पहले दिन बस के गांव में पहुंचने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी थी। इसके लिए उन्होंने एसडीएम बनी का भी आभार जताया है। स्थानीय सरपंच विमला देवी ने बताया कि रौल्का तक बस सेवा शुरू होने के बाद सिर्फ यही पंचायत ही नहीं आसपास की लगभग आधा दर्जन पंचायतों को इसका लाभ मिलने जा रहा है।
यह बस सेवा जिले के दूर दराज इलाकों को जिला मुख्यालय के साथ जोड़ने का काम करेगी। बस रौल्का से सुबह 8.30 बजे चलेगी और बनी से दोपहर दो बजे गुट्टू के लिए रवाना होगी। यह बस बनी से बरमोता होते हुए रौल्का पहुंचेगी।
पहले लोगों को निजी वाहनों से बनी तक पहुंचना पड़ता था या फिर मिनी बस ही हासिल होती थी। लेकिन सीधी बस सेवा इलाके में विकास की राह भी खोलेगी, जिसके लिए क्षेत्र के लोगों ने स्थानीय सरपंच विमला देवी का भी आभार जताया है।
लोगों ने बताया कि अस्सो, बरमोता, रौल्का, दौल्का, डंडी गुट्टू की 15 से बीस हजार आबादी है, इस बस सेवा से लाभान्वित होगी। खास तौर पर इन दूर दराज इलाके से कठुआ जाकर पढ़ाई करने वाले बच्चों के लिए यह वरदान से कम नहीं है।
उन्होंने पहली बस लेकर आए चालक का भी हार पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर हरनाम सिंह, शिवदेव, नंबरदार रौल्का विपन सिंह आदि मौजूद रहे।
बस सेवा शुरू होने से लोगों ने राहत की सांस ली
बसोहली के झेंखर से बंजीपलारा यात्री बस सेवा शुरू होने के बाद आखिरकार क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। बीते करीब दो दिन पूर्व पंचायत के सरपंच केवल कुमार एडीसी बसोहली अजीत सिंह से मिले थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में यात्री बस न होने की जानकारी देते हुए दो यात्री बसें शुरू करने की मांग की थी।
सरपंच केवल कुमार ने बताया कि यात्री बस न होने के कारण झेंखर से बंजीपलारा की करीब 6 हजार की आबादी को आवाजाही करने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। सरकारी कर्मचारियों और विद्यार्थियों को बसोहली तक पहुंचने के लिए 6 किलोमीटर पैदल सफर तय कर मुख्य सड़क तक पहुंचना पड़ता था।
सड़क पर तारकोल बिछाए जाने के बाद अब लोगों की मांग पर प्रशासन द्वारा यहां एक यात्री वाहन सेवा शुरू करवा दी गई है, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली है। हालांकि दो यात्री वाहनों की मांग की गई थी, उम्मीद जताई जा रही है कि दूसरा यात्री वाहन भी जल्द शुरू होगा।
यह यात्री बस वरमारगला से होकर झेंखर बजींपलारा तक पहुंचेगी। दोपहर पौने तीन बजे यह बस बसोहली से चलेगी और करीब एक घंटे का सफर तय कर यह बस पलारा और झेंखर गांव पहुंचेगी। इसके बाद अगले दिन सुबह आठ बजे यह बस पलारा से बसोहली के लिए रवाना होगी, जो सुबह 9 बजे झेंखर पहुचेंगी।
यहां से बसोहली के लिए रवाना होगी। इस यात्री बस की सुविधा से लोग खुश हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द दूसरी यात्री बस भी चलाई जाएगी। स्कूलों तक पहुंचने वाले विद्यार्थी और सरकारी कर्मी अब आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
[ad_2]
Source link