[ad_1]

श्रीखंड महादेव स्थगित।
– फोटो : संवाद
विस्तार
श्रीखंड महादेव यात्रा अधिकारिक तौर से स्थगित कर दी गई है। सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित वापस लाने में प्रशासन जुट गया है। पार्वतीबाग में बर्फीला तूफान आने से सभी टेंट टूट गए थे और टेंटों के अंदर पानी भर गया था। इसके अलावा पार्वतीबाग से ऊपर ग्लेश्यिर टूटने से रास्तों में गहरी खाइयां बन गई हैं, जिन्हें पार करना किसी भी श्रद्धालु के लिए संभव नहीं है। इसके अलावा ग्लेशियरों के खिसकने का और खतरा भी बढ़ गया है। श्रीखंड ट्रस्ट समिति के अध्यक्ष एवं जिलाधीश कुल्लू आशुतोष गर्ग ने अधिसूचना जारी कर यात्रा स्थगित कर दी है। जानकारी के अनुसार अभी तक 700 से 800 श्रद्धालु ही श्रीखंड महादेव के दर्शन कर पाए हैं, जबकि दो दिनों में जितने श्रद्धालु श्रीखंड महादेव के दर्शनों को रवाना हुए थे, उन सभी को सुरक्षित वापस लाया जा रहा है।
श्रीखंड यात्रा पर गए तीन श्रद्धालुओं की पैर फिसलने से मौत हो गई थी। सोमवार को दो में से एक व्यक्ति की पहचान हो गई है। मृतक की पहचान 32 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र प्रेम सिंह गांव व डाकघर भुटाणू, तहसील मोरी, उत्तरकाशी, उत्तराखंड के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य मृतक की पहचान होना अभी भी बाकी है। इस वर्ष श्रीखंड यात्रा के दौरान कुल 6 यात्रियों की जान गई है। एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि पार्वतीबाग में रेस्क्यू दल सहित करीब 70 से 80 लोग फंसे हैं। उन्हें नीचे निकालने में परेशानियां पेश आ रही हैं। सभी यात्रियों को सुरक्षित निकालने तक बचाव दल तैनात रहेंगे।
श्रद्धालुओं को निकालने के बाद श्रीखंड तक जाएगा बचाव दल
एसडीएम निरमंड ने बताया कि रास्ते में विभिन्न स्थानों पर रुके सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के बाद बचाव दल श्रीखंड तक जाएगा और पूरे क्षेत्र की रेकी कर लौटेगा। पंजीकृत करीब एक हजार श्रद्धालुओं को बेस कैंप सिंघगाड़ से वापस भेज दिया गया है।
7 जुलाई से शुरू हुई थी यात्रा
बता दें श्रीखंड महादेव यात्रा शुक्रवार 7 जुलाई से शुरू हुई थी। 18,570 फीट ऊंचाई पर स्थित श्रीखंड महादेव के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं को कई ग्लेशियर पार कर दो दिन में 32 किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई चढ़नी होगी। इतने ही दिन वापसी के लिए लगते हैं। यात्रा 20 जुलाई तक प्रशासन की देखरेख में चलेगी। अब तक यात्रा के लिए 5,000 श्रद्धालुओं ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया है। यात्रा के दौरान पांच आधार शिविर बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं को संकरे रास्ते और कई ग्लेशियर पार करने होते हैं। पार्वतीबाग से आगे कुछ ऐसे क्षेत्र हैं, जहां श्रद्धालुओं को ऑक्सीजन की कमी के चलते दिक्कतें पेश आती हैं। लेकिन भारी बारिश के चलते पहले 9 व 10 जुलाई दो दिन के लिए इसे स्थगित किया गया। लेकिन अब लगातार बिगड़ती स्थिति को देखते हुए इस साल के लिए यात्रा स्थगित कर दी गई है।
कुल्लू में दो दिन का लोकल हॉलीडे घोषित
भारी बारिश के चलते कुल्लू जिले में दो दिन स्थानीय अवकाश रहेगा। डीसी की ओर से सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए।
[ad_2]
Source link