Delhi News: घर में मिला मच्छर का लार्वा तो एक हजार का जुर्माना

[ad_1]

डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक, कामर्शियल स्थानों पर पांच हजार का होगा चालान

सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर 1031

अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली। राजधानी में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने चालान की रकम दोगुनी कर दी है। यदि किसी घर में मच्छर का लार्वा पाया जाता है तो एक हजार रुपये का जुर्माना देना होगा, जबकि कामर्शियल स्थान पर मच्छर पाए जाते हैं तो 5 हजार का चालान किया जाएगा।

दरअसल शुक्रवार को वेक्टर जनित बीमारियों (डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया) से बचाव व रोकथाम के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस दौरान डेंगू को लेकर हेल्पलाइन नंबर 1031 जारी करने के साथ ही कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली सरकार डेंगू से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज, एमसीडी की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

जुलाई में बढ़ने लगे मामले

बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में बारिश अक्सर जुलाई में शुरू होती थी, लेकिन इस बार अप्रैल, मई और जून में भी बारिश हुई। जुलाई में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई। इस वजह से मच्छरजनित बीमारियों का ट्रेंड ज्यादा दिख रहा है। अगस्त-सितंबर में डेंगू, मलेरिया और चिगनगुनिया के मामले बढ़ने का ट्रेंड दिखाई देता था, जो इस बार जुलाई में देखने को मिल रहा है। इस समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को डेंगू सहित अन्य स्तर पर कार्य करने का लक्ष्य दिया है। साथ ही लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

दिल्ली में डेंगू का टाइप टू

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों के चल रहे ट्रेंड की जिनोम सीक्वेंसिंग कराई है। इसमें पाया गया कि 20 सैंपल में से 19 टाइप टू डेंगू के हैं। टाइप टू डेंगू में खतरा ज्यादा रहता है। जांच से पता चला कि दिल्ली में डेंगू के दो नहीं, एक स्टेन है। यह बीमारी बहुत ज्यादा गंभीर नहीं होती है, लेकिन सरकार पूरी तरह से सतर्क है।

पूरी आस्तीन की कमीज पहनें बच्चे या घर के कपड़े पहनें

डेंगू को देखते हुए निर्देश दिया गया कि स्कूल में बच्चे पूरी आस्तीन की कमीज पहनकर आएं और फुल पैंट पहनें। अगर लड़कियां स्कर्ट पहन रही हैं, तो नीचे स्लैग्स पहनें। अगर स्कूल ड्रेस में स्लैग्स की अनुमति न हो तो भी स्कूल उसकी अनुमति दें। अगर किसी बच्चे के पास ड्रेस की पूरी आस्तीन की कमीज नहीं है तो उसे घर की पूरी आस्तीन की कमीज और ट्राउजर पहनकर आने की अनुमति दी जाए। हालांकि दिल्ली सरकार के आदेश का पालन नहीं हो रहा। इसे देखते हुए शिक्षा निदेशक को आदेश का सख्ती से पालन कराने को कहा है।

बच्चे करेंगे घरों की जांच

सभी स्कूली बच्चों को डेंगू पर होमवर्क दिया जाएगा। बच्चों को डेंगू का रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा और कहा जाएगा कि बच्चे अपने घर में एक सप्ताह तक नियमित चेक करें कि कहीं पानी जमा तो नहीं हो रहा है। उस रिपोर्ट कार्ड को भरकर अगले सप्ताह स्कूल में जमा करेंगे। इसके बाद इस रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक उसके घर जाकर जांच करेंगे। इसके बाद बच्चों को अगले सप्ताह फिर रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा और घर में जमा पानी चेक करने के लिए कहा जाएगा। यह रिपोर्ट कार्ड दिल्ली सरकार, एमसीडी और प्राइवेट स्कूलों के सभी बच्चों को देना अनिवार्य किया गया है।

अस्पतालों में बिस्तर होंगे आरक्षित

दिल्ली में डेंगू के बढ़ते मामलों को देखते हुए सभी अस्पतालों में बिस्तर आरक्षित करने को कहा गया है। साथ ही अस्पतालों, डिस्पेंसरी, मोहल्ला क्लीनिक में डेंगू की दवाई उपलब्ध होनी चाहिए। सभी केमिस्ट और अस्पतालों को एडवाइजरी दी गई है कि बुखार में एस्प्रिन, डिस्प्रिन और इबोप्रोफेन जैसी दवाइयां न दी जाएं, क्योंकि इससे खून पतला होता है और इससे डेंगू और अधिक नुकसान पहुंचाता है।

रोज आएगी रिपोर्ट

स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया गया है कि वह प्रतिदिन डेंगू पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों की जानकारी मीडिया के जरिये लोगों तक पहुंचाए, ताकि लोग जागरूक हों और सावधानी बरतें। एमसीडी को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि एक-एक घर में जाकर जांच करें कि वहां मच्छर पनप तो नहीं रहे हैं। अगर कहीं पर मच्छर पनप रहे हैं तो चालान करें। दिल्ली सरकार ने 1031 हेल्पलाइन नंबर जारी किया था। इस हेल्पलाइन नंबर को बदल कर अब डेंगू/कोरोना कर दिया गया है। अगर किसी को बुखार है तो वो इस हेल्पलाइन पर फोन कर डॉक्टर से बात कर सकता है और अन्य जानकारियां ले सकता है। जल्द ही एक कंट्रोल रूम भी चालू हो जाएगा, जो 24 घंटे खुला रहेगा।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *