[ad_1]
वचुर्अल कॉल कर गैंगस्टर बवानिया के नाम पर पीड़ित को धमकाया, आरोपी गिरफ्तार
पीड़ित का 12 वर्ष पहले ड्राइवर रह चुका है आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। मदनपुर खादर निवासी एक व्यक्ति पाकिस्तान में बैठे अपने साथी के जरिये ग्रेटर कैलाश-एक के व्यवसायी से रंगदारी वसूलना चाहता था। उसका पाकिस्तानी साथी खान वहीं से वचुर्अल कॉल कर गैंगस्टर नीरज बवानिया के नाम पर 15 लाख रुपये प्रोटेक्शन मनी के रूप में मांगने लगा। दक्षिण जिले के वाहन चोरी निरोधक दस्ते (एएटीएस) ने इस मामले को सुलझाते हुए आरोपी मुकेश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल, स्थानीय पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने मुकेश से संयुक्त रूप से पूछताछ की।
दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि आरोपी मुकेश तिवारी पीडि़त व्यवसायी संजय जय सिंह का 12 वर्ष पहले ड्राइवर रहा था। ग्रेटर कैलाश के सी-ब्लाॅक में रहने वाले संजय जय सिंह गारमेंट्स व्यवसायी हैं और उनकी कई फैक्टरियां हैं। व्यवसायी ने एक अगस्त को ग्रेटर कैलाश-एक थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके फोन पर पाकिस्तान के वर्चुअल मोबाइल नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। कॉलर ने खुद को गैंगस्टर नीरज बवानिया गैंग का बदमाश बता जान से मारने की धमकी दी। व्यवसायी ने नंबर ब्लॉक कर दिया तो कॉलर ने उसकी पत्नी के नंबर पर भी जान से मारने की धमकी देने वाली व्हाट्सएप कॉल कर 15 लाख की रंगदारी मांगी।
जिले के एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व में एसआई दीपक महला, एसआई अमित व अन्य आरोपी की तलाश कर रहे थे। इंस्पेक्टर ने धमकी देने के लिए आए वर्चुअल नंबरों का व्हाट्सएप विवरण व्हाट्सएप से एकत्र किया। एक नंबर झारखंड का मिला। झारखंड के इस नंबर से पुलिस आरोपी मुकेश तिवारी के मोबाइल नंबर तक पहुंच गई। इसके बाद टीम ने आरोपी मुकेश को मदनपुर खादर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर रंगदारी की कॉल रिकॉर्डिंग वाला एक मोबाइल और 2 सिम कार्ड बरामद किए गए।
ऐसे आया पाकिस्तानी युवक के संपर्क में
मुकेश तिवारी के पास एक पाकिस्तानी युवक की एक दिन गलती से कॉल आ गई थी। इसके बाद दोनों बातचीत करने लगे और जल्दी ही दोस्त बन गए। मुकेश ने खुलासा किया कि वह दिवालिया हो गया। कोविड में उसकी नौकरी चली गई थी। ऐसे में इसने पाकिस्तानी साथी के साथ रंगदारी वसूलने की साजिश रची। यहां पर रेकी मुकेश कर रहा था और पाकिस्तानी साथी को बता देता था। पाकिस्तानी युवक वहां के नंबर से वर्चुअल कॉल कर रंगदारी मांग रहा था।
[ad_2]
Source link