[ad_1]
डीएमआरसी ने राजीव चौक व कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन में लगाई विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर प्रदर्शनी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपाेरेशन (डीएमआरसी) ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस राजीव चौक मेट्रो स्टेशन में सोमवार को मनाया। इस अवसर पर विभाजन की तस्वीरों की प्रदर्शनी लगाई गई है। यहां लगी तस्वीरों में विभाजन के दर्द को देखा जा सकता है। यह प्रदर्शनी उस भयावह मंजर को एक बार फिर याद दिला रही है, जिसमें लाखों लोगों ने अपनों को खो दिया था। यात्रियों को यहां विभाजन की पीड़ा महसूस हो रही है। प्रदर्शनी 20 अगस्त तक लगेगी। दोपहर तीन से पांच बजे तक प्रदर्शनी देख सकते हैं।
विभाजन की दास्तां को दिखा रही कुल 52 तस्वीरों को प्रदर्शित किया गया है, जिसमें परिकल्पना उन लाखों लोगों की पीड़ा, कष्ट और दर्द देखने को मिल रहा है, जिन्होंने विभाजन की पीड़ा झेली थी। डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक डॉ. विकास कुमार ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी एक श्रद्धांजलि है, जो विभाजन के दौरान लोगों ने पीड़ा सही थी, उसको दिखाने का प्रयास है।
यह प्रदर्शनी डीएमआरसी, भारतीय ऐतिहासिक अनुसंधान परिषद और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से लगाई गई है। इसी तरह की प्रदर्शनी कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन में भी लगाई गई है। प्रदर्शनी में विभाजन का दंश दिखाते हुए दस्तावेज, अखबारों के आलेख, कार्टून व तस्वीरें प्रदर्शित की गई हैं। इसके साथ ही चार जून, 1947 को वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन द्वारा ऐतिहासिक पत्रकार सम्मेलन को संबोधित करती हुई तस्वीरें यात्रियों का ध्यान खींच रही हैं। इसमें एक दृश्य विभाजन के बाद शरणार्थियों का भी है, जिसमें कुछ ट्रक में, कुछ तांगों और बैल गाड़ियों पर व अन्य काफिलों में पैदल चलते दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ ही एक तस्वीर है जिसमें लोग पानी के लिए लंबी कतार में लगे हुए हैं। इसमें बेबस आंखे, जो अपने आबाद आशियाने को बिखरा देख रो रही हैं। यह बड़ी संख्या में मानव आबादी के विस्थापन की याद दिला रही है।
[ad_2]
Source link