[ad_1]

मृतक आशुतोष राज का प्रोफाइल फोटो
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पटना के राम कृष्ण नगर में सोमवार की आधी रात को अपराधियों ने एक युवक को पहले कई बार चाकू गोदा और फिर उसे गोली मार दी। इस घटना में युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी जिसकी पहचान पुलिस ने कर ली है। युवक की पहचान बिहार शरीफ के टितरावा निवासी आशुतोष राज (24) के रूप में की गई है। आशुतोष राज के छोटे भाई शुभम राज का कहना है कि आशुतोष राज नर्सिंग कोर्स फाइनल ईयर का छात्र था। शुभम राज ने बताया कि आशुतोष राज पटना के पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल के हॉस्टल में रहकर नर्सिंग का कोर्स कर रहा था।
कैसे हुई हत्या
घटना के संबंध में राम कृष्ण नगर की पुलिस का कहना है कि सोमवार की आधी रात लगभग 1:30 बजे आशुतोष राज सोरंगपुर से गुजर रहा था। तभी अपराधियों ने उसे घेर कर उसके शरीर पर चाकुओं से दर्जन भर बार वार किये। पुलिस का कहना है कि अपराधियों ने युवक के पेट, छाती, गर्दन और शरीर के अन्य कई भागों में लगातार चाकू से वार किए। फिर जाते जाते उसके सिर में दो गोली मार दी जिससे आशुतोष की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं
आशुतोष राज की हत्या किसने और क्यों की यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। इस संबंध में पूछे जाने पर मृतक के भाई शुभम राज ने भी चुप्पी साध ली। घटना के संबंध में रामकृष्ण नगर थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि यह प्रेम प्रसंग का भी मामला हो सकता है क्यों कि देर रात उसका सोरंगपुर जाने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस हर एंगिल से मामले की छानबीन कर रही है।
[ad_2]
Source link