Delhi News: लूटे गए साढ़े चार करोड़ के मोबाइल कोरियर से भेज दिए बांग्लादेश

[ad_1]

दक्षिण-पूर्व जिले के एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 लाख कीमत के 112 मोबाइल फोन किए बरामद

अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर से चोरी किए और लूटे गए मोबाइल फोन कोरियर के जरिये पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश भेजे जा रहे थे। दक्षिण-पूर्व जिले के एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड ने इस गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को दबोचा है। आरोपियों की पहचान अकील अहमद, नवाब शरीफ और साबिर सरदार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 लाख कीमत के 112 मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपियों ने महज एक साल के भीतर करीब 4.50 करोड़ के 2240 मोबाइल फोन कोरियर के जरिये विदेश भेज दिए। पकड़े गए दो आरोपी मोबाइल रिपेयरिंग शॉप और तीसरा आरोपी डॉक्युमेंटेशन शॉप चलाता है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर जांच कर रही है।

दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि राजधानी में मोबाइल फोन चोरी, लूट और झपटमारी की काफी वारदात हो रही हैं। बदमाशों की धरपकड़ के लिए जिले के एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड को जांच में लगाया गया। छानबीन के दौरान 19 सितंबर को टीम को सूचना मिली कि चोरी के मोबाइल का जैतपुर इलाके में सौदा होने वाला है।

फौरन मौके पर जाल बिछाकर अकील अहमद और नवाब शरीफ को दबोच लिया। इनके पास से कुल 112 मोबाइल फोन बरामद हुए। छानबीन की गई तो पुलिस ने नौ मोबाइल फोन को अलग-अलग केस से लिंक कर लिया। बाकी फोन दिल्ली-एनसीआर से चोरी या लूटे गए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने मोबाइल को पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने की बात बताई।

दोनों के खुलासे के बाद पुलिस ने तीसरे आरोपी साबिर सरदार को पश्चिम बंगाल के बोनगांव से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान साबिर सरदार ने कई खुलासे किए। उससे पूछताछ के आधार पर पुलिस कई अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

ऐसे भेजते थे बांग्लादेश

छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि अकील और नवाब दिल्ली में मोबाइल के रिसीवर हैं। दोनों 14-14 मोबाइल के पैकेट बनाकर कोरियर के जरिये कोलकाता भेजते थे। पिछले एक साल के भीतर 160 पैकेट यह भेज चुके हैं। कोलकाता में पैकेट साबिर सरदार और श्यामल रुद्र नामक व्यक्ति को मिलते। बाद में इनको जानकीनाथ नामक व्यक्ति के पास भेज दिया जाता था। जानकी इनको सद्दाम नामक व्यक्ति की मदद से बांग्लादेश भेजने का काम करता है। पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश कर रही है।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *