Delhi Liquor Scam: भाजपा ने मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा, केजरीवाल बोले- नहीं रुकेगी आम आदमी पार्टी की आंधी

[ad_1]

शराब घोटाले में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को इस्तीफा देने के लिए मजबूर करने के बाद भाजपा के हौसले बुलंद हैं। पार्टी ने बुधवार को आम आदमी पार्टी पर दबाव बनाते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा मांगा। जिन कैलाश गहलोत को मनीष सिसोदिया के महत्त्वपूर्ण विभाग दिए गए हैं, पार्टी ने उन पर भी हमला करते हुए उन्हें शराब नीति बनाने में सहयोगी होने के आधार पर अपने पद से इस्तीफा देने की मांग की है। अरविंद केजरीवाल बुधवार को स्वयं मनीष सिसोदिया का बचाव करने के लिए सामने आए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी को रोकने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। लेकिन आम आदमी पार्टी एक आंधी बन चुकी है और वह किसी के रोके नहीं रुकेगी। आम आदमी पार्टी ने भाजपा के सामने कमजोर न पड़ने के लिए सड़क पर उतरने का निर्णय किया है। पार्टी अब लोगों के घर-घर तक पहुंचकर मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी की ‘असलियत’ बताएगी।

भाजपा ने केजरीवाल को बताया मास्टरमाइंड

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को एक प्रेस कांफ्रेंस के दौरान आरोप लगाया कि शराब घोटाले के असली मास्टर माइंड अरविंद केजरीवाल हैं। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया या सत्येंद्र जैन दोनों अरविंद केजरीवाल के सहयोगी हैं और उन्होंने जो कुछ किया है, वह अरविंद केजरीवाल के कहने पर ही किया है। लिहाजा इस मामले में अरविंद केजरीवाल को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के आरोपी के ऊंचे पद पर बैठे होने से उसके द्वारा जांच को प्रभावित करने की आशंका बनी रहती है। चूंकि, अरविंद केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं, और शराब घोटाले की जांच के दौरान उन्हीं विभागों-मंत्रालयों में जांच की जाएगी, जो उनके अंदर काम कर रहे हैं, इसलिए वे जांच को प्रभावित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह न्याय के हित में है कि अरविंद केजरीवाल को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

कैलाश गहलोत पर भी साधा निशाना

भाजपा अभी से कैलाश गहलोत पर हमलावर हो गई है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि नई शराब नीति बनाने के समय कैलाश गहलोत एक मंत्री होने के कारण उस शक्तिशाली समूह में शामिल थे, जिसने शराब नीति के मामले में आपत्तिजनक निर्णय लिया, इसलिए उन्हें भी अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कैलाश गहलोत पर परिवहन मंत्री रहते हुए डीटीसी के लिए लो फ्लोर बसों की खरीद में गड़बड़ी करने के आरोप हैं। उपराज्यपाल ने इस मामले को सीबीआई जांच के लिए सौंप दिया है। भाजपा इसे लेकर भी गहलोत पर हमलावर है।

सड़कों पर उतरेगी आम आदमी पार्टी

उधर, भाजपा के हमले से बैकफुट पर आई आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर सड़कों पर उतरने का निर्णय ले लिया है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में हुई आज की बैठक में पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि वह राजधानी में लोगों के घर-घर तक जाएगी और मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी का ‘सच’ बताएगी। इस बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि पार्टी अपने कोर एजेंडे पर काम करती रहेगी और जनता के हितों के लिए चलाई जा रही योजनाएं किसी तरह प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी। आम आदमी पार्टी की इस बैठक में सभी विधायक और नवनिर्वाचित पार्षदों के साथ पार्टी के पदाधिकारी शामिल थे।

आप सूत्रों के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल ने पार्टी नेताओं को कहा है कि यह लड़ाई केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। इसके जरिए आम आदमी पार्टी को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है। इसलिए पार्टी एक बार फिर अपने मूल एजेंडे के अनुसार लोगों से जुड़कर भाजपा की इस रणनीति को कमजोर करने का काम करेगी।

केजरीवाल ने कहा, काम करने से रोक रही भाजपा

इस मामले पर एक प्रेस कांफ्रेंस करते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया ने शिक्षा का अभूतपूर्व मॉडल देश के सामने रखा है। इसके लिए पूरी दुनिया में दिल्ली की प्रशंसा की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब नीति मामले में कोई घोटाला नहीं हुआ है, लेकिन चूंकि भाजपा हमारी तरह शिक्षा-स्वास्थ्य के अच्छे काम नहीं कर पा रही है, इसलिए हमें काम करने से रोकने के लिए इस तरह की कोशिशें की जा रही हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन का अच्छा काम नहीं रुकने पाएगा। आतिशी मार्लेना और सौरभ भारद्वाज पढ़े-लिखे योग्य लोग हैं और इस काम को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के सभी काम पहले से ज्यादा तेज गति से आगे बढ़ाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि मनीष सिसोदिया आज भाजपा में शामिल हो जाएं, तो अभी उनको आरोपमुक्त कर दिया जायेगा।

केजरीवाल ने कहा कि यह सब केवल आम आदमी पार्टी को रोकने के लिए किया जा रहा है। पंजाब में आम आदमी पार्टी की जीत भाजपा पचा नहीं पा रही है। लेकिन उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एक आंधी है, वह किसी के रोकने से नहीं रुकेगी। उन्होंने वर्तमान सरकार की तुलना इंदिरा गांधी सरकार से की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी विपक्ष को दबाने के लिए हर रणनीति अपना रही है। लेकिन उसकी कोई कोशिश अब कामयाब नहीं होगी।

काम नहीं आएगी यह रणनीति

दिल्ली भाजपा प्रवक्ता सारिका जैन ने अमर उजाला से कहा कि घर-घर जाकर मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी पर सफाई पेश करने से आम आदमी पार्टी के ‘काले कारनामे’ नहीं छिपेंगे। उन्होंने कहा कि जो आम आदमी पार्टी दिल्ली में 500 स्कूल खोलने की बात करती थी, लेकिन राजधानी की जनता ने देखा है कि स्कूल तो नहीं खुले, लेकिन उनके घरों के आसपास गली-मोहल्ले में, मंदिरों और अस्पतालों के आसपास शराब की दुकानें खुल गईं।

सारिका जैन ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में शराब पीने की उम्र कम करके, एक बोतल पर एक बोतल फ्री देकर और शराब की घर-घर डिलीवरी कराकर बच्चों और पूरी दिल्ली को शराब के नशे में डुबाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि अब अरविंद केजरीवाल की कोई सफाई काम नहीं आएगी क्योंकि उनकी असलियत लोगों के सामने आ चुकी है।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *