[ad_1]
बचाव कार्य के दौरान एक फैक्टरी हुई जमींदोज, बाल-बाल बचे दमकलकर्मी
शुरुआत में प्लास्टिक दाना बनाने की एक फैक्टरी में लगी थी आग
दमकल की 28 गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं, कोई हताहत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बवाना औद्योगिक क्षेत्र में बुधवार सुबह प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। आग ने एक के बाद एक दो अन्य फैक्टरियों को अपनी चपेट में ले लिया।
हालात बिगड़ते देखकर दमकल की 28 गाड़ियाें को बुला लिया गया। दोपहर में आग पर काबू पाने के दौरान अचानक एक तीन मंजिला इमारत भरभराकर जमींदोज हो गई। हादसे में वहां काम कर रहे दमकलकर्मी बाल-बाल बचे। आग पर काबू पाने का काम दिनभर चलता रहा। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
प्लास्टिक दाना की फैक्टरी गिरने के बाद पड़ोसी की इमारत का कुछ हिस्सा भी गिर गया। फैक्टरी में आग कैसे लगी फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। पुलिस के अलावा क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से सैंपल उठाए हैं। दिल्ली अग्निशमन विभाग के निदेशक अतुल गर्ग ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 10.35 बजे सूचना मिली कि बवाना औद्योगिक क्षेत्र, सेक्टर-5 स्थित एफ-ब्लॉक की एक फैक्टरी में आग लग गई है। आग प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्टरी एफ-236 के बेसमेंट से शुरू हुई थी। ज्वलनशील पदार्थ होने की वजह से देखते ही देखते आग ने पड़ोस में प्लास्टिक दाना बनाने वाली एक फैक्टरी एफ-235 को अपनी चपेट में ले लिया। डिप्टी फायर चीफ एसके दुआ समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी पहुंच गए। मौके पर ब्रांटो (स्काई लिफ्ट) के अलावा मिनी रोबोट को भी बुला लिया गया। आग पर काबू पाने के दौरान दोपहर करीब 1 बजे एफ-236 नंबर की फैक्टरी जमींदोज हो गई। दमकल विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग की वजह से इमारतों का तापमान काफी बढ़ गया है। इसकी वजह से कूलिंग का काम फिलहाल अभी जारी रहेगा।
[ad_2]
Source link