[ad_1]

मृतका चंदा देवी
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
बिहार के गोपालगंज जिले के भोरे थाना क्षेत्र के वासुदेवा गांव में एक नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मायके वालों ने सास-ससुर पर लगाया है। शव को पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज में चेन और बुलेट बाइक नहीं देने के कारण हत्या करने का आरोप लगाया है। फिलहाल ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़ फरार बताए जा रहे हैं। मृतका की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के वासुदेवा गांव निवासी नीरज प्रसाद की चंदा देवी (22) के रूप में की गई है।
जानकारी के मुताबिक, यूपी के देवरिया जिला के बनकटा थाना क्षेत्र के नैना गांव निवासी हीरालाल प्रसाद ने अपनी बेटी चंदा की शादी पिछले छह दिसंबर को भोरे थाना क्षेत्र के वासुदेवा गांव निवासी हरेराम प्रसाद के बेटे नीरज प्रसाद के साथ की थी। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक रहा, फिर दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया।
वहीं, मृतका के भाई ने बताया कि शादी में बुलेट और चेन देने की बात की गई थी। लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण नहीं दिया जा सका। इसको लेकर ससुराल के लोग अकसर मेरी बहन के साथ मारपीट कर प्रताड़ित करते रहते थे। बार-बार समझा-बुझाकर मामाला शांत किया जाता था, यह सोच कर कि एक दिन सब ठीक हो जाएगा। और जब पैसा होगा तो उन्हें बाकी दहेज दे दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इसी बीच अचानक सोमवार की देर शाम ससुराल के पड़ोस के कुछ लोगों द्वारा फोन कर बताया गया कि आपकी बहन की मौत हो गई है। जब हम लोग पहुंचे तो बताया गया कि आपकी बहन को लेकर गोरखपुर गए हैं। जब हम गोरखपुर गए तो वहां से वे लोग घर आ गए। घर पहुंचने के बाद पूरा परिवार शव को घर में छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतका के भाई ने बताया कि मृतका दो माह की गर्भवती भी थी। मुझे शक है कि मेरी बहन के साथ मारपीट की गई है और उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई है। फिलहाल मृतका का पति बाहर है और उसके घर मृतका के सास और ससुर रहते हैं। वहीं, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
[ad_2]
Source link