[ad_1]

छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार।
– फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
हसनपुर में शोहदों के डर से तीस छात्राओं के स्कूल छोड़ने के मामले में पुलिस ने नामजद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने लापरवाही मानते हुए मनौटा चौकी इंचार्ज विनोद कुमार गोले को निलंबित कर दिया है। छात्राओं को एसपी ने कहा कि किसी से भी घबराने की जरूरत नहीं है।
अगर कोई भी उनके साथ अभद्रता करता है उसकी सूचना तुरंत उनके फोन पर दी जाए। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दसवीं तक के निजी विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा आठ, नौ व दस की छात्राओं से पिछले पंद्रह दिनों से छेड़खानी हो रही थी। रजबपुर थाना क्षेत्र के आठ से दस युवकों पर छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया था।
छात्राओं ने इसकी शिकायत विद्यालय के प्रबंधक से की थी। इसके बाद आरोपियों ने छात्राओं को जान से मारने की धमकी दी थी। इससे डरी सहमी करीब 30 छात्राओं ने स्कूल जाना छोड़ दिया। पिछले तीन दिनों से छात्राएं स्कूल नहीं पहुंची। शुक्रवार शाम को ही पुलिस ने मामले में प्रबंधक की तहरीर पर गांव पीपली दाउद निवासी अनस, विकास और एक अन्य नाबालिग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
शनिवार को पुलिस ने गांव पहुंचकर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिशें दीं। आखिरकार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, पुलिस ने विद्यालय में पहुंचकर बच्चों एवं शिक्षकों से भी वार्ता की।
कहा कि किसी भी तरह से घबराने की आवश्यकता नहीं है। यदि कोई भी छात्राओं को परेशान करता है तो इसकी सूचना तुरंत दें। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
बोलीं छात्राएं, आना जाना हो गया था मुश्किल
निजी स्कूल की जिन छात्राओं ने स्कूल आना बंद कर दिया है। वह शोहदों से काफी तंग आ चुकी थीं। कक्षा नौ व दस की छात्राओं ने बताया कि स्कूल आते व जाते समय युवकों का झुंड जगह-जगह रास्ते पर खड़ा रहता है। उन पर तरह-तरह की छींटाकशी करते हैं।
छुट्टी के बाद दोपहर में वह कई बार उनका रास्ता भी रोकते हैं। उनसे डर लगता है। अब तो तरह-तरह की धमकी भी देने लगे हैं। इस डर से उन्होंने अब स्कूल भी आना छोड़ दिया है। पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है। पुलिस चाहे तो उन्हें सबक सीखा सकती है।
[ad_2]
Source link