उत्तराखंड: जसपुर की थर्माकोल फैक्टरी में सिलिंडर से हुआ गैस रिसाव, भीषण आग में जिंदा जला श्रमिक, दो झुलसे

[ad_1]

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के जसपुर में नादेही रोड सिडकुल स्थित श्री शानदार थर्माकोल फैक्टरी के टैंक से एलपीजी गैस सिलिंडर के रिसाव से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई जबकि दो श्रमिक झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर ग्रामीणों में फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ आक्रोश है। पुलिस फैक्टरी स्वामी से पूछताछ कर रही है।

रुद्रपुर में दर्दनाक हादसा: हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार दो दोस्तों को कुचला, एक की मौत, दूसरा गंभीर घायल

काशीपुर निवासी गोपाल कृष्ण की नादेही गांव के पास स्थित सिडकुल में श्री शानदार थर्माकोल के कटलर बनाने की फैक्टरी है। मंगलवार रात लगभग एक बजे फैक्ट्री में एलपीजी गैस सिलिंडर से गैस रिसाव हो गया जिससे आग भड़क गई। देखते ही देखते पूरी फैक्टरी में आग फैल गई। सुपरवाइजर वेद प्रकाश उर्फ अर्जुन त्यागी (35) पुत्र हरस्वरूप सिंह निवासी ग्राम अभय राजपुर थाना अफजलगढ़ बिजनौर गैस का रिसाव बंद करने के लिए टैंक की तरफ दौड़े। इस बीच वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

हादसे में अभय राजपुर निवासी हेल्पर राहुल त्यागी (23) और मंडुवाखेड़ा निवासी गार्ड संजय सिंह भी गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय फैक्टरी में 24 कर्मचारी ड्यूटी पर थे। इनमें से 22 श्रमिकों को रेस्कयू कर निकाला गया। आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई। झुलसे तीनों श्रमिकों को एंबुलेंस ने काशीपुर अस्पताल में भर्ती कराया जहां डॉक्टर ने वेद प्रकाश उर्फ अर्जुन त्यागी को मृत घोषित कर दिया।

झुलसे राहुल त्यागी और संजय सिंह को इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। एफएसओ महेश चंद्र ने बताया कि आग के विकराल रूप को देखते हुए काशीपुर व जसपुर से दो-दो गाड़िया मंगाई गईं। रुद्रपुर व बाजपुर से भी फायर ब्रिगेड की एक-एक गाड़ी मंगाई गई। इसके अलावा काशीपुर नैनी पेपर मिल, सहोता पेपर मिल, आईजीएल फैक्टरी की गाड़ियां भी बुलाई गईं। नौ दमकल गाड़ियों की मदद से करीब आठ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों के आक्रोश को ध्यान में रखकर फैक्टरी के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

विधायक आदेश चौहान ने श्री शानदार फैक्टरी पहुंच कर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत किया। उन्होंने इस हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधायक चौहान ने कहा कि उत्तराखंड में थर्माकोल की फैक्टरी प्रतिबंधित है। सरकार जांच कराए, आखिर किन अधिकारियों के संरक्षण में यह फैक्ट्री चल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार में शामिल मंत्रियों का अधिकारियों पर नियंत्रण नहीं है। उन्होंने इस कांड के लिए दोषी अधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।

ग्रामीण मृतक का शव फैक्टरी गेट पर रखकर प्रदर्शन करने की तैयारी में थे लेकिन पुलिस ने सख्ती बरतते हुए ऐसा नहीं होने दिया। विधायक चौहान ने फैक्ट्री स्वामी से मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से समझौता वार्ता करने के लिए कहा। विधायक की मौजूदगी में मृतक के परिजनों से समझौता कराने के प्रयास जारी थे। वहीं, अग्निकांड में श्रमिक वेदप्रकाश की मौत से लोगों में भारी आक्रोश देखा गया। बड़ी तादाद में ग्राम अभय राजपुर के ग्रामीण फैक्टरी पहुंच गए। ग्रामीण पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव फैक्टरी गेट पर रखकर जाम लगाने की योजना बना रहे थे। इससे पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। इसकी भनक लगते ही एसपी अभय प्रताप सिंह, सीओ वंदना वर्मा, जसपुर कोतवाल प्रकाश चंद्र दानू आदि पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने वहां घंटेभर तक प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों के काशीपुर मोर्चरी पर पहुंचने की सूचना मिली।

इस पर कोतवाल प्रकाश दानू, एसआई अनिल जोशी, एसआई जावेद हसन आदि पुलिस फोर्स के साथ काशीपुर मोर्चरी पहुंच गए। वहां पुलिस की मृतक के रिश्तेदारों के साथ नोकझोंक हुई। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीण मृतक के शव को फैक्टरी के सामने रखकर प्रदर्शन करने की जिद करने लगे। वहां विधायक आदेश चौहान और पुलिस अधिकारियों के समझाने पर मामला शांत हुआ। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि हादसे को लेकर मृतक के परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। 

थर्माकोल फैक्टरी में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हुई है जबकि दो श्रमिक झुलसे हैं। मामला बेहद गंभीर है। इस मामले में पुलिस की ओर से फैक्टरी प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।

– अभय प्रताप सिंह, एसपी काशीपुर 



[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *