[ad_1]

कुपवाड़ा में मारे गए आतंकियों से बरामद हथियार
– फोटो : संवाद
विस्तार
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर माच्छिल सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम बनाते हुए सेना ने दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया। इनके पास से भारी मात्रा में हथियार व गोला बारूद बरामद किए गए हैं। पिछले तीन दिनों में सुरक्षा बलों ने आठ पाकिस्तानी दहशतगर्दों को मार गिराने में सफलता हासिल की है।
सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि बीएसएफ ने माच्छिल सेक्टर से घुसपैठ की विशेष सूचना दी थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस, बीएसएफ, सेना तथा पुलिस ने घुसपैठ के विभिन्न रास्तों पर मोर्चेबंदी की। मंगलवार रात लगभग 11 बजे आतंकियों के एक ग्रुप को घुसपैठ करते देखा गया।
सर्विलांस उपकरणों से लगातार आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी गई। जब यह दल भारतीय सीमा में प्रवेश कर गया तो सुबह 4.55 बजे जवानों ने उन्हें ललकारा। इस पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें दो आतंकियों को मार गिराया गया।
तलाशी में आतंकियों के पास से चार एके राइफल, एक यूबीजीएल, पांच यूबीजीएल ग्रेनेड, नौ मैगजीन, 175 गोलियां, छह हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए। फिलहाल आतंकियों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। ज्ञात हो कि सोमवार को पुंछ के चक्कां दा बाग में घुसपैठ को नाकाम बनाते हुए दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया था।
इसी दिन रात भर चली मुठभेड़ में पुंछ में ही चार आतंकियों को सुरक्षा बलों ने ढेर किया। बुधवार को कुपवाड़ा में दो आतंकियों के मारे जाने के साथ ही पिछले तीन दिनों में आठ पाकिस्तानी आतंकियों को मारने में सफलता मिली।
पाकिस्तान लगातार शांति में खलल डालने की कर रहा साजिश
सैन्य प्रवक्ता के अनुसार, घुसपैठ तथा आतंकियों के पास से मिले हथियार इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पाकिस्तान लगातार जम्मू कश्मीर में शांति, विकास तथा समृद्धि को बाधित करने की साजिश रच रहा है। इसके लिए वह आतंकियों को लगातार इस पार धकेलने की कोशिश कर रहा है। साथ ही हथियारों का जखीरा भी इस पार भेज रहा है।
आतंकियों के मंसूबों को झटका: एडीजीपी
कश्मीर रेंज के एडीजीपी विजय कुमार ने कहा कि इस सफल ऑपरेशन ने न केवल घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया, बल्कि घाटी में शांति और स्थिरता को बाधित करने के आतंकियों के मंसूबों को करारा झटका दिया है। सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों के सटीक समन्वय का यह बेहतर उदाहरण है।
[ad_2]
Source link