[ad_1]

जम्मू में हाईकोर्ट के नए भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की जम्मू विंग के नए भवन का बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ. डीवाई चंद्रचूड़ ने कन्वेंशन सेंटर जम्मू से ई शिलान्यास किया। उनके साथ उप राज्यपाल मनोज सिन्हा भी थे। सिद्दड़ा के रैका में 100 एकड़ भूमि पर यह नया परिसर बनाया जाएगा, जो भूकंपरोधी होगा। इसमें 34 कोर्ट रूम होंगे।
शहर की ऐतिहासिक मुबारक मंडी, अमर महल और बाग-ए बाहु की झलक भी इस परिसर में दिखेगी। क्योंकि इसका डिजाइन इन तीनों को ध्यान में रखकर किया गया है। यह परिसर दो चरणों में बनकर तैयार होगा। पहले चरण में 938 करोड़ रुपये अनुमानित खर्च आएगा।
यह नया अदालत परिसर देश के सर्वश्रेष्ठ उच्च न्यायालयों में से एक होगा। इसमें 34 कोर्ट रूम होंगे, जिसे बाद में 70 कोर्ट रूम तक बढ़ाया जा सकता है। बता दें कि इसे प्रसिद्ध वास्तुकार गुनीत सिंह चौहान ने डिजाइन किया है।
चौहान ने बताया कि यह भवन तीन सभागार, एक प्रशासनिक ब्लॉक, एक मध्यस्थता केंद्र, एक चिकित्सा केंद्र, एक कंप्यूटर केंद्र, एक न्यायाधीशों का पुस्तकालय, एक हजार वकीलों के लिए कक्ष, न्यायिक अकादमी, सम्मेलन सुविधाएं, एक हेलीपैड, एक फायर स्टेशन, एक परिवहन सुविधा केंद्र आदि से सुसज्जित होगा।
इसके अलावा जजों और वकीलों के लिए खेल, जिम और योग केंद्र की सुविधाएं भी होंगी। परियोजना को डेढ़ साल में पूरा करने का लक्ष्य है। शिलान्यास के बाद आयोजित कार्यक्रम में लद्दाख के एलजी ब्रिगेडियर डॉ. बीडी मिश्रा, जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एन कोटीश्वर सिंह, न्यायाधीश पंकज मित्थल, किशन पाल कौल भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
[ad_2]
Source link