[ad_1]

गांधी नगर अस्पताल
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
जम्मू जिला उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य मरीज बनकर बुधवार सुबह 10 बजे गांधीनगर अस्पताल की ओपीडी में पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने ओपीडी में कई डॉक्टर ड्यूटी से गैर-हाजिर पाए। उपायुक्त 15 से 20 मिनट तक ओपीडी में रुके और विभिन्न विभागों का दौरा किया।
इस दौरान किसी को उपायुक्त के पहुंचने की जानकारी मिल गई और कर्मचारी सचेत हो गए। सूचना पर आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। उपायुक्त ने डॉक्टरों की गैर हाजिरी का संज्ञान लेते अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक को सभी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया। उपायुक्त का पदभार संभालने के बाद सचिन कुमार वैश्य का किसी अस्पताल का यह पहला औचक निरीक्षण है।
उपायुक्त ने कहा कि बेहतर रोगी चिकित्सा देखभाल के लिए डॉक्टरों के साथ अन्य पैरा मेडिकल स्टाफ भी निर्धारित ड्यूटी समय का पालन करे। उन्होंने जनता की सेवा में कर्तव्य के उच्चतम मानकों को बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया। कहा कि स्वास्थ्य देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायतों के बाद किया औचक निरीक्षण
जिला उपायुक्त को अस्पतालों में डॉक्टरों के ड्यूटी से गैर हाजिर रहने की शिकायतें मिल रही थीं। इसे खुद देखने के लिए उन्होंने गांधीनगर अस्पताल में औचक निरीक्षण करने की योजना बनाई। जिला उपायुक्त पर्ची कटवाने के समय ही मरीज बनकर पहुंच गए। पर्ची काउंडर पर मरीजों को देखने के बाद वह ओपीडी में लोगों की लाइन में लग गए।
सुरक्षाकर्मी भी उनको नहीं पहचान पाए। अस्पताल में 10 बजे से ओपीडी शुरू हो जाती है। उन्होंने 10 बजते ही ओपीडी सेक्शन में घूमना शुरू कर दिया। उन्होंने देखा कि डॉक्टरों के कमरों के बाहर मरीजों की लाइन है मगर कमरे में कोई नहीं है। उन्होंने पैरा मेडिकल स्टॉफ की भी हाजिरी का जायजा लिया।
10 बजे तक कौन-कौन सा डॉक्टर नहीं पहुंचा था इसकी रिपोर्ट बनाई जा रही
गांधीनगर अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण योगराज ने बताया कि उपायुक्त ने डॉक्टरों की गैर हाजिरी को लेकर कारण बताओ नोटिस जारी करने के लिए कहा है। 10 बजे तक कौन-कौन सा डॉक्टर नहीं पहुंचा था इसके लिए वह अपनी रिपोर्ट बना रहे हैं। उनके अनुसार अधिकांश डॉक्टर अस्पताल में मौजूद थे, लेकिन इधर-उधर थे। जल्द रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी जाएगी।
[ad_2]
Source link