[ad_1]

सांकेतिक तस्वीर
– फोटो : iStock
विस्तार
राजकीय मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में छह साल से बंद कर्नल सर आरएन चोपड़ा नर्सिंग होम को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके बहाल होने पर निर्धारित दरों पर मरीजों को पेड सर्जरी व अन्य चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। ग्राउंड फ्लोर पर तीन थियेटरों में दो को मॉड्यूलर बनाया जा रहा है। जबकि पहले, दूसरे और तीसरे फ्लोर पर मरीजों के लिए वार्ड और चौथे व पांचवें पर संकाय के लिए कमरे होंगे।
जीएमसी प्रशासन के अनुसार 2-3 माह में सुविधा मिल जाएगी। नर्सिंग होम को 2020 में सुस्त परियोजनाओं में शामिल कर जीर्णोद्धार के लिए साढ़े 13 करोड़ का बजट रखा था, लेकिन विभिन्न कारणों से देरी होती रही। नर्सिंग होम में तीन ऑपरेशन थियेटर हैं। नई योजना में दोनों मुख्य थियेटरों को मॉड्यूलर बनाया जा रहा है। इसके लिए इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल और आरएंडबी विभाग काम कर रहे हैं।
वहीं, चोपड़ा नर्सिंग होम को अगस्त 2017 में लीकेज और शार्ट सर्किट के कारण बंद कर दिया था। जीएमसी के विभिन्न यूनिटों में सामान्य सर्जरी के लिए महीनों बाद की मरीज को तिथि दी जाती है। इस दिक्कत को दूर करने के लिए नर्सिंग होम में निर्धारित दरों पर पैकेज में सर्जरी करवाने का विकल्प मिला था।
हर दिन होती थी तीन-चार सर्जरी
नर्सिंग होम में रोजाना 2-4 गाल ब्लेडर, पत्थरी, किडनी पत्थरी, बवासीर, फिस्टुला आदि की सर्जरी की जाती थी। 14 हजार बिना एसी और 16 हजार रुपये एसी के पैकेज में सर्जरी की जाती थी। नर्सिंग होम के पहले और दूसरे फ्लोर पर 16-16 रूम स्थापित हैं। तीसरे फ्लोर पर 11 अगस्त, 2015 को कैंसर मरीजों के लिए ऑन्कोलॉजी वार्ड को शुरू किया था।
निर्धारित दरों पर मिलेंगी चिकित्सा सुविधाएं
जीएमसी के प्रिंसिपल डॉ. आशुतोष गुप्ता के अनुसार स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव के दिशा निर्देशों के बाद चोपड़ा नर्सिंग होम को दोबारा शुरू करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया जा रहा है। दो-तीन महीने में सुविधा देने की योजना है। इससे मरीजों को निर्धारित सरकारी दरों पर पेड चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी।
[ad_2]
Source link