[ad_1]
24 घंटे डॉक्टरों की एक स्पेशल टीम देगी विदेशी मेहमानों को सेवा
जी-20 की तैयारी का जायजा लेने जीबी पंत अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री
अमर उजाला ब्यूराे
नई दिल्ली। जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए दिल्ली सरकार का जीबी पंत अस्पताल तैयार है। अस्पताल में दस कक्ष आरक्षित किए गए हैं। साथ ही आठ आईसीयू बेड भी तैयार हैं। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज जीबी पंत अस्पताल में विदेशी मेहमानों के लिए की जा रही स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। दिल्ली सरकार के पांच अस्पतालों में मेहमानों को सुविधा मिलेगी।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए जीबी पंत में एक स्पेशल आईसीयू का निर्माण किया गया है। इसमें 8 आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई है। यह पूरी तरह से आपातकाल स्थिति में विदेशी मेहमानों के लिए आरक्षित रहेंगे। साथ ही 10 स्पेशल रूम भी आरक्षित किए गए हैं। इनमें 24 घंटे प्रशिक्षित डॉक्टर सहित स्वास्थ्य कर्मियों को नियुक्त किया गया है। यहां पर विदेशी मेहमानाें को हर प्रकार की जरूरी सुविधा मिलेगी। भारद्वाज ने कहा कि अस्पताल के अंदर विशेष इमरजेंसी विभाग का इंतजाम किया गया है। यह पूरी तरह से विदेशी मेहमानों के लिए आरक्षित रहेगी। अस्पताल पूरी तरह से हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि यदि किसी भी विदेशी मेहमान को किसी प्रकार की कोई परेशानी अचानक से होती है, तो उसे तुरंत प्रभाव से अस्पताल में लाकर उपचार दिया जा सके।
हाई अलर्ट पर स्वास्थ्य विभाग
भारद्वाज ने कहा कि हम कामना करते हैं कि किसी भी विदेशी मेहमान को अस्पताल की जरूरत न पड़े। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग हाई अलर्ट पर है। पांच अस्पताल जी-20 समिट के लिए चिन्हित किए गए हैं, उन सभी अस्पतालों में विदेशी मेहमानों के लिए अलग व्यवस्था की गई है कि यदि किसी को भी किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होती है तो तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाकर उसे उपचार दिया जा सके।
[ad_2]
Source link