नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता: रेलवे को हराकर हिमाचल की बेटियां बनीं चैंपियन

[ad_1]

National Kabaddi: Himachal's daughters became champions by defeating Railways

हिमाचल की बेटियां बनीं चैंपियन
– फोटो : संवाद

विस्तार


पंजाब के रोपड़ में 70वीं नेशनल महिला कबड्डी प्रतियोगिता में हिमाचल ने रेलवे को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। हिमाचल ने रेलवे को 37-27 के अंकों से शिकस्त दी। गोवा में बीते माह नेशनल गेम्स में स्वर्ण जीतने के बाद हिमाचल ने नेशनल कबड्डी में भी अपना वर्चस्व बरकरार रखा। एशियन गेम्स विजेता महिला कबड्डी टीम की कप्तान रहीं रितु नेगी नेशनल मुकाबले में अपनी रेलवे टीम का नेतृत्व कर रही थी। रितु नेगी भी शिलाई की रहने वाली हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल कर देश का नाम रोशन किया। वहीं दूसरी ओर हिमाचल टीम का नेतृत्व शिलाई की ही पुष्पा राणा ने किया। हिमाचल के जिला सिरमौर के शिलाई की रहने वाली दोनों बेटियां फाइनल मुकाबले में अपनी-अपनी टीम के लिए संघर्ष करती दिखीं।

हिमाचल की पुष्पा राणा बेस्ट रेडर और साक्षी शर्मा बेस्ट डिफेंडर चुनी गई। संघर्षपूर्ण मुकाबले में हिमाचल की टीम ने रेलवे को हराकर खिताब जीत लिया। इससे पहले हिमाचल व महाराष्ट्र के बीच सेमीफाइनल खेला गया, जिसमें हिमाचल ने 39-30 के अंतर से महाराष्ट्रा को पराजित किया। वहीं रेलवे ने राजस्थान को 33-23 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। पुष्पा राणा की कप्तानी में हिमाचल टीम में साक्षी, ज्योति, भावना, विशाखा, रेशमा, अंशुल, मनीषा, शिवानी, श्यामा, जसप्रीत व काजल जबकि रेलवे से रितु नेगी, पूजा नरवाल, मिनी नरवाल, स्वीटी नरवाल, पायल चौधरी, महिमा, वैशाली, राजरानी, पिंकी रॉय, रीतिका, डिंपल व पवित्रा की टीम शामिल रही।

उधर, इस उपलब्धि से सूबे में खुशी का माहौल है। इससे पहले भी हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने नेशनल खिताब अपने नाम किए हैं। पुष्पा राणा की कप्तानी में नेशनल गेम्स के बाद कबड्डी नेशनल का खिताब हिमाचल ने जीत लिया है। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष कुलदीप राणा व पुष्पा राणा के भाई रविंद्र राणा ने बताया कि हिमाचल की बेटियां किसी से कम नहीं हैं। हिमाचल की बेटियां देशभर में अपने प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए हिमाचल की टीम को बधाई दी।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *