[ad_1]

एलओसी पर मिठाइयों का आदान प्रदान करते भारतीय सेना व पाकिस्तानी रेंजर
– फोटो : संवाद
विस्तार
ईद-उल-अजहा के मौके पर वीरवार को पुंछ, सांबा, अखनूर, कठुआ और आरएस पुरा में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर सेना, बीएसएफ और पाकिस्तानी सेना, रेंजर्स के बीच मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ। पुंछ में भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा पर वीरवार को बकरीद पर भारत और पाकिस्तान सैन्य अधिकारियों ने चक्कां दा बाग की राहें मिलन पर एक-दूसरे से हाथ मिलाते हुए ईद की मिठाइयों एवं बधाइयों का आदान-प्रदान किया।
सूत्रों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर पुंछ-रावलाकोट मार्ग स्थित चक्कां दा बाग की राहें मिलन के गेट पाकिस्तानी सेना के आग्रह पर खोले गए, जहां भारत की तरफ से सेना की कृष्णा घाटी ब्रिगेड के अधीनस्थ तैनात सेना की सरला बटालियन के अधिकारी मिठाइयां लेकर पहुंचे।
उस पार से भी पाकिस्तान की 20 पाक आर्मी के अधिकारी भी मिठाइयां लेकर राहें मिलन आए। वहां, दोनों तरफ के अधिकारियों ने एक-दूसरे को मिठाइयां देने के साथ नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने पर सहमति जताई। करीब 10 मिनट बाद चक्कां दा बाग की राहें मिलन के दोनों तरफ से गेट बंद कर दिए गए।
राहें मिलन पर मिलते थे लोग, व्यापार भी होता था
गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान के बीच वर्ष 2005 में पुंछ-रावलाकोट सड़क खोली गई थी। इस पर चक्कां दा बाग की राहें मिलन स्थापित की गई। तब नियंत्रण रेखा के आर-पार विभाजित हो गए परिवारों के सदस्यों को एक-दूसरे से मिलने के लिए 15 दिन के परमिट पर आवाजाही की अनुमति दी जाने लगी। इसके लिए हर सप्ताह सोमवार को राहें मिलन तक पुंछ-रावलाकोट बस सेवा चलने लगी।
बाद में अक्तूबर 2008 में इसी मार्ग पर वाटर सिस्टम से क्रॉस एलओसी ट्रेड भी चलाया गया। यह सब भारत-पाकिस्तान के बीच बड़ गए तनाव के बाद पाकिस्तान की तरफ से बस सेवा एवं व्यापास को जारी रखने में रुचि न दिखाए जाने के चलते अक्तूबर 2019 में बंद कर दिया गया। अब राहें मिलन को केवल ईद, दिवाली, स्वतंत्रता दिवस एवं गणतंत्र दिवस पर मिठाइयों के आदान-प्रदान और एक देश से दूसरे देश में भूलवश आ गए किसी नागरिक को वापस भेजने के लिए खोला जाता है।
सांबा में बीएसएफ ने साधा पाकिस्तानी रेंजरों से संपर्क
उधर, सांबा में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ईद-उल-अजहा के अवसर पर बीएसएफ ने पाकिस्तानी रेजरों से संपर्क कर ईद की मुबारकबाद दी। रक्षा सूत्रों के अनुसार जिले की सीमावर्ती पोस्ट चक दुल्मा व मंगुचक में बीएसएफ की 161वीं वाहिनी और पाकिस्तान के 08 विंग चिनाब रेजरों के बीओपी हैदर के बीच जीरो लाइन के पिलर न. 125 पर आकस्मिक संपर्क बनाया गया।
इस दौरान उन्होंने ईद की बधाई दी और एक-दूसरे को मिठाइयां दी। इसी प्रकार एक कंपनी कमांडर स्तर पर मंगुचक फॉरवर्ड में बीएसएफ की 161वीं वाहिनी का बीओपी जब्बार में पाकिस्तानी बीओपी भोपालपुर के बीच जीरो लाइन पर पिलर न. 144 पर संपर्क हुआ।
जीरो लाइन पर भी मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ
ऑक्ट्राय पोस्ट के आगे जीरो लाइन पर भी मिठाइयों का आदान-प्रदान हुआ। बीएसएफ के अधिकारी पीके शर्मा व पाकिस्तान रेंजर्स अधिकारी डीएसआर वकार अली मौजूद थे। आरएस पुरा सेक्टर की एक अन्य पोस्ट के आगे जीरो लाइन पर पाकिस्तान चिनाब रेंजर्स डीएसआर आशिक हुसैन और 165वीं वाहिनी के राघव शर्मा की मौजूदगी में मिठाइयों का आदान-प्रदान किया गया।
[ad_2]
Source link