लाल बत्ती या रास्ते में कोई बाबा आपको आशीर्वाद देने की बात करे तो जरा सावधान हो जाएं। कहीं ऐसा न हो कि यह कोई ठग हो। जी हां, शाहदरा जिले के विवेक विहार इलाके में 21 साल की युवती के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। आरोपी बाबा ने पहले तो युवती से भिक्षा मांगी। इसके बाद उसे आशीर्वाद देने की बात करने लगा। आरोपी ने पीड़िता से उसकी अंगूठी उतरवाकर कटोरे में डालने के लिए कहा। इसके बाद उसे गायब कर दिया। बाद में कहने लगा कि अंगूठी को सांप निगल गया और इसके बाद रफूचक्कर हो गया।
इशिता जैन परिवार के साथ ऋषभ विहार, विवेक विहार में रहती हैं। इनके परिवार में माता-पिता व अन्य सदस्य हैं। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 वह अपनी कार से विवेक विहार, बालाजी मंदिर से यमुना स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की ओर जा रही थीं। इस बीच वह विवेकानंद महिला कॉलेज के पास पहुंची तो लाल बत्ती हो गई।
इशिता वहां रुकी तो एक बाबा वहां पहुंचा और उससे भिक्षा मांगने लगा। पीड़िता ने उसे कुछ पैसे दिए तो वह कागज के नोट मांगने लगा। इस बात पर इशिता ने उसे 100 रुपये का एक नोट दे दिया। यह देखकर आरोपी ने पीड़िता से कहा कि बेटा मैं तुम्हें आशीर्वाद देना चाहता हूं।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसे सम्मोहित कर दिया। बाद में उसकी पहनी हुई सोने की अंगूठी को कटोरे में डालने के लिए कहा। इशिता ने ऐसा ही किया। इसके बाद आरोपी उसके अच्छे भाग्य के लिए कामना करने का नाटक किया। इशिता ने अपनी अंगूठी वापस मांगी तो आरोपी कहने लगा कि अंगूठी तो सांप निगल गया। इसके बाद वहां से फरार हो गया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। छानबीन के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार