[ad_1]

लूटकांड करते अपराधियों की करतूत सीसीटीवी में कैद।
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
पटना में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में घुसकर जमकर लूटपाट की। घटना गौरीचक थाना क्षेत्र के सोहगी बाजार की है। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। फिलहाल पुलिस स्वर्णदुकानदार और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए गौरीचक थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सीसीटीवी में अपराधियों की करतूत कैद हुई है। अन्य सीसीटीवी देखकर अपराधियों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस उन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
दुकानदार ने कहा -हथियार दिखाकर लूट लिया
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए ज्वेलरी दुकानदार सोनी कुमार ने बताया कि सोहगी मोहल्ले के कुश पर उनकी मां शीतला ज्वेलर्स दुकान है। शनिवार को दोपहर लगभग दो से तीन बजे के बीच पांच की संख्या में अपराधी दुकान में घुस आए। उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे, जिसमें चार अपराधियों ने हाथ में हथियार ले रखा था। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने दुकानदार को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया और दुकान के काउंटर में रखे गए जेवर और नगद रुपए लूट कर आराम से फरार हो गये। दुकानदार ने यह भी कहा कि उनके दुकान से अपराधियों ने लगभग चार से पांच लाख रुपए की लूट की है। उन्होंने घटना के बाद गौरीचक थाने में इसकी लिखित शिकायत की है। अपने आवेदन के साथ उन्होंने थाने को घटना का सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध कराया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सीसीटीवी से अपराधियों की हो रही पहचान
पटना के सिटी एसपी पूर्वी भरत सोनी ने बताया कि शनिवार को गौरीचक थाना के सोहगी मोड़ के नजदीक पांच अपराधी एक स्वर्ण दुकान में घुस गये। दुकान में घुसते ही अपराधियों ने हथियार के बल पर दुकान से लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अपराधियों ने दुकान में रखे गए चार से पांच लाख के जेवर लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद गौरीचक थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। उन्होंने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
[ad_2]
Source link