स्वतंत्रता दिवस को लेकर सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ायी जा रही है. मगर, पटना जंक्शन जैसे ‘ए’ वन स्टेशन पर भी यात्रियों की सुरक्षा के साथ अनदेखी हो रही है. प्लेटफॉर्म पर जाने से पहले जांच के लिए लगे मेटल डिटेक्टर का कोई अता-पता नहीं है. वहीं सामान की जांच के लिए लगी लगेज स्कैनर मशीन भी गायब है. अब बगैर जांच के ही सामान के साथ लोग प्रवेश कर रहे हैं. ऐसे में सुरक्षा को लेकर गंभीर मसला है.इस मामले में आधिकारिक सूत्र का कहना है कि सभी गेट पर मेटल डिटेक्टर लगने के बाद ही फायदा है. पटना जंक्शन पर लगभग साढ़े चार लाख के आसपास रोजाना लोगों का आना-जाना होता है. एक गेट पर मेटल डिटेक्टर होने से उधर से केवल आने- जाने की व्यवस्था होने से लंबी लाइन लगेगी. लोगों को परेशानी होगी.
क्या कहते हैं अधिकारी
सुरक्षा के लिए प्लेटफॉर्म से लेकर परिसर में जवान तैनात रहते हैं. सीसीटीवी कंट्रोल रूम से आरपीएसएफ जवान हर समय गतिविधि पर नजर रखते हैं. औचक निरीक्षण में संदिग्ध पर नजर रखने के साथ यात्रियों के सामान की जांच होती है. . सभी गेट पर मेटल डिटेक्टर व लगेज स्कैनर मशीन होने पर ही सुरक्षा चौकसी अधिक होगी.
सुशील कुमार, प्रभारी पटना जंक्शन आरपीएफ पोस्ट