[ad_1]

जंगल में काटे गए पेड़ (फाइल फोटो)
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया स्थित जंगल में बुधवार दोपहर को पेड़ों का कटान रोकने गई वन विभाग की टीम पर 12 से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। वन दरोगा, वन रक्षक सहित सुरक्षाकर्मियों से मारपीट कर एक आरोपी को छुड़ा लिया। विरोध पर सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। कर्मचारियों ने जंगल में छिपकर जान बचाई। गाड़ियों के पहियों की हवा निकालकर आरोपी भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कर्मचारियों को सुरक्षित निकाला। मामले में 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
यहां की है घटना
घटना बुधवार दोपहर करीब दो बजे की है। टेढ़ी बगिया स्थित जंगल में हरे पेड़ काटने की सूचना पर वन दरोगा हरविलास, वनरक्षक प्रेमवीर सिंह, लोकेंद्र सिंह और तीन सुरक्षाकर्मी कार व बाइक से गए। टीम को कुछ लोग पेड़ काटते हुए मिले। उन्होंने एक आरोपी नूरानी मस्जिद निवासी इमरान को पकड़ लिया। उसे थाना खंदौली लाने लगे। इसी बीच वहां बड़ी संख्या में लोग जुट गए। वह हाथों में लाठी-डंडे, कुल्हाड़ी, आरी लिए हुए थे। इमरान को छुड़ा लिया। रोकने पर वन विभाग की टीम पर हमला बोल दिया। सभी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के लिए सभी जंगल में भाग गए। इस पर हमलावर कार और बाइक की हवा निकालकर भाग गए।
ये भी पढ़ें – Agra: सब्जी मंडी में प्याज से भरे ट्रक में लगी आग, मची अफरा-तफरी; फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
दर्ज कराया मुकदमा
सूचना पर थाना खंदौली पुलिस पहुंची और वन विभाग की टीम को वहां से निकाला। वन दरोगा हर विलास और वन रक्षक प्रेमवीर सिंह ने नूरानी मस्जिद निवासी निजाम, अरमान, रमजी, इकबाल, शरीफ, जानू, मोहम्मद खां, इमरान सहित 12 के खिलाफ बलवा, मारपीट, जान से मारने की धमकी, गालीगलौज सहित अन्य धारा में मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि वन विभाग की टीम को कुछ लोगों के घेर लेने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। आरोपी फरार हो गए थे। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
[ad_2]
Source link