[ad_1]

मृतक दीपक कुमार, दुर्घटनाग्रस्त बाइक
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के नालंदा में सड़क हादसे में मंगलवार की रात एक युवक की मौत हो गई। मामला मानपुर थाना और शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव के पास का है। मृतक की पहचान कतरीसराय थाना क्षेत्र के कतरीसराय निवासी अनिल प्रसाद के बेटे दीपक कुमार (29) के रूप में की गई है। बुधवार को परिजन शव के पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल पहुंचे।
मृतक दीपक कुमार के परिजन ने बताया कि ड्यूटी खत्म कर दीपक अपनी बाइक से मंगलवार की शाम घर लौट रहा था। इसी बीच अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। जब वह देर शाम घर नहीं लौटा तो उसकी खोजबीन की जाने लगी। मोबाइल पर भी संपर्क किया गया, लेकिन किसी प्रकार की प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद स्थानीय थाने में जाकर मोबाइल लोकेशन की जानकारी ली गई। खोजबीन के दौरान रास्ते में कबीरपुर गांव के पास दीपक सड़क किनारे पड़ा मिला। उसके बाद आनन-फानन में देर रात उसे पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, दीपक कुमार बिहार शरीफ समाहरणालय में क्लर्क के पद पर पदस्थापित था। साल 2023 के जुलाई महीने में ही दीपक की शादी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। वहीं, परिजनों के चीत्कार से अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया।
पावापुरी ओपी प्रभारी अनिता कुमारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में पुलिस जुट गई है। परिजनों की ओर से जो भी आवेदन मिलेगा, उसको संबंधित थाने को भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
[ad_2]
Source link