[ad_1]

घटनास्थल पर छानबीन करने पहुंची पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के सीतामढ़ी में बीती रात लूटपाट और गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया है। घटना सुरसंड थाना क्षेत्र के रधाउर गांव की है। इस घटना को लेकर पुलिस अहले सुबह से ही उलझन में फंसी रही। परिजन के बार-बार बयान बदलने से पुलिस का उलझन बढ़ती ही गई। अंत में पुलिस ने पीड़ित की ओर से मिले आवेदन के आधार पर कार्रवाई की बात कही।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के राधाउर गांव के वार्ड नंबर 10 निवासी शंभू मिश्र के घर आधा दर्जन से अधिक नकाबपोश हथियारबंद डकैतों ने करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति की लूटपाट की। वहीं, दहशत फैलाने के उद्देश्य से चार राउंड फायरिंग भी की। घटना के बाद पीड़ित परिजन को घर खाली कर भाग जाने की धमकी भी दी गई। वहीं, बदमाशों ने कहा कि अगर घर खाली नहीं किया तो घर के मालिक के बेटे की हत्या कर दी जाएगी।
पीड़ित शंभू मिश्र ने बताया कि वह आंगन में सोए थे। उसी दौरान पीछे के गेट से पांच लोग अंदर आए और फिर बंदूक के बल पर बाप-बेटे को कब्जे में ले लिया। उसके बाद बेटे की हत्या की धमकी देकर अलमारी की चाबी ले ली। फिर घर में रखे सोने-चांदी के करीब चार लाख के जेवरात और 80 हजार रुपये नकदी लूट ली। इनमें 80 हजार रुपये जो हाल ही में जमीन बेचकर रखे थे, शंभू मिश्र की पत्नी की करीब 10 पायल, सोने के झुमके, चांदी का हंसुली, बहू की अलमारी से दो सोने के जेवरात समेत अन्य बहुमूल्य सामग्री लूट ली गई है। जाते वक्त डकैतों ने कहा कि यह मकान जल्द से जल्द खाली कर दो नहीं तो संजय मिश्रा की तरफ से आदेश दिया गया है कि तुम्हारे बेटे मनोज कुमार को जान से मार देंगे।
घटना की सूचना मिलने पर सुरसंड थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। वहीं, मौके से चार खोखा और एक कारतूस बरामद किया गया है। थानाध्यक्ष राजकिशोर ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से गांव के ही लोगों पर आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल पीड़ित के द्वारा मिले आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई और जांच की जा रही है। इधर, शंभू नाथ मिश्र ने बताया कि पुलिस से सुरक्षा को गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के द्वारा घर सहित बम से उड़ा देने की धमकी भी दी गई है।
[ad_2]
Source link