[ad_1]

हत्या के विरोध में प्रदर्शन करते ग्रामीण
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के औरंगाबाद जिले के नबीनगर में शराब तस्करों ने रविवार को देर रात एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। हत्या से भड़के स्थानीय लोगों ने सोमवार को सड़क पर आगजनी कर विरोध-प्रदर्शन किया। बताया जा रहा है कि नबीनगर थाना मुख्यालय स्थित वार्ड एक मुटुर बिगहा गांव में शराब तस्करों ने युवक चुन्नु पांडेय (45) की लोहे की राड से हमला कर और चाकू मारकर रविवार देर रात हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, चुन्नू पांडेय को उसके घर के पास से तस्करों के द्वारा अगवा कर कार में बैठाकर कुछ दूर ले जाया गया। फिर उसे लोहे की रॉड से पीट-पीटकर बेहोश कर दिया। उसके बाद चाकू से गोदकर चुन्नू की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को शराब तस्कर नबीनगर के एक निजी अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सक के द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। उसके बाद तस्कर शव को कार से ही जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल ले गए। जहां तस्करों ने चिकित्सकों को बताया गया कि छत से गिर जाने के कारण हालत गंभीर है। लेकिन देखने के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
उसके बाद तस्कर शव को ठिकाने लगाने के लिए ले जा रहे थे। तभी परिजनों की सूचना पर पुलिस हरकत में आई और शव को अंबा नबीनगर रोड स्थित पाढ़ी मोड़ के पास से बरामद कर लिया। पुलिस ने दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों की निशानदेही पर हत्या में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
मृतक चुन्नू पांडेय की मां ने बताया कि वाहन से शराब उतारने से मना करने के बाद तस्करों ने बेटे को अगवा कर लिया। तस्करों ने मां और युवक के भाई सोनू पांडेय और तीन बेटियों को भी बंधक बना लिया। परिजनों ने बताया कि पुलिस को घटना की सूचना देने के लिए फोन लगाते रहे पर थानाध्यक्ष ने कॉल नहीं उठाया। घटना के बाद स्वजनों ने थाना पहुंच हंगामा किया तब थाने में सुस्त बैठी पुलिस हरकत में आई। वहीं, एएसपी स्वीटी सहरावत ने बताया कि हत्या के मामले की जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
[ad_2]
Source link