[ad_1]

घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
औरंगाबाद में पोखर में स्नान करने के क्रम में पांच बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना मदनपुर प्रखंड अंतर्गत सलैया थाना क्षेत्र के सोनारचक गांव की है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चे पोखर में नहाने गये थे। नहाने के क्रम में वे लोग गहराई में जाने की वजह से डूब गये। स्थानीय लोगों ने पोखर में कूदकर उन्हें पोखर से निकाला और इलाज के लिए उन सभी को कासमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन पांचों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में अनुज यादव का पुत्र शुभम ऊर्फ गोलू कुमार(11), उदय यादव के दो पुत्र नीरज कुमार(12) और धीरज कुमार(10), सुखेंद्र यादव का पुत्र प्रिंस कुमार(12) एवं योगेंद्र यादव का पुत्र अमित कुमार(12) शामिल हैं।
चरवाहा ने दी ग्रामीणों को सूचना
ग्रामीण मनोज कुमार ने बताया कि गांव से 500 मीटर की दूरी पर पहाड़ के पास एक पोखर है। पोखर को जेसीबी मशीन से गहरा गड्ढ़ा कर छोड़ दिया गया था। इस कारण पोखर ज्यादा गहरा हो गया है। पहाड़ के पास जानवर चरा रहे कुछ चरवाहों ने देखा कि पोखर के पास चार-पांच बच्चों का कपड़ा बाहर रखा हुआ है लेकिन वहां आसपास कोई बच्चे नहीं दिख रहे थे। उसने गांव में जाकर इस बात की सूचना दी। सूचना मिलते ही तुरंत ग्रामीण वहां जुट गये। बच्चों के पोखर में डूबने की आशंका महसूस करते हुए ग्रामीण पोखर में कूद पड़े। काफी देर तक खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने डूबे हुए बच्चों को पोखर से बाहर निकाला और तुरंत सभी बच्चों को कासमा के एक निजी क्लीनिक में पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
इस वजह से लोगों ने किया सड़क जाम
गांव में एक साथ पांच बच्चों की असामयिक मौत के बाद गांव में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद समय पर प्रशासन को घटनास्थल पर नहीं पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया। इस बात से नाराज होकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने बताया कि पांचों बच्चे सावन पूर्णिमा के मौके पर राखी बंधाने से पहले नहाने गए थे।
[ad_2]
Source link