[ad_1]

पुलिस की गिरफ्त में हत्या के तीनों आरोपी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एआईएमआईएम के प्रदेश सचिव सह गोपालगंज विधानसभा उप चुनाव के पूर्व प्रत्याशी अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने परिजनों के दिए आवेदन के आधार पर इस मामले में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। हत्या में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर 48 घंटे के अंदर तीन नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार चार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी चल रही है। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी नगर थाना क्षेत्र के तकिया याकूब गांव निवासी फिरोज आलम, मोहम्मद अद्दू और मोहम्मद शकुर हैं।
गोपालगंज के एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक को अपराधियों ने पटना के बेउर थाना क्षेत्र से चोरी किया था। शॉर्पशूटरों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया और फिर सीमावर्ती जिला सीवान की ओर फरार हो गए। एसपी ने कहा कि बाइक जहां से चोरी हुई, वहां से सीसीटीवी फुटेज मंगाई जा रही है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। एसपी ने आगे कहा कि शूटरों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, 12 फरवरी को रात नौ बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने मदरसा इस्लामिया के सचिव रहे अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया की तुरकहां पुल के पास गोली मारकर हत्या कर दी थी। अब्दुल सलाम नगर थाना क्षेत्र के तकिया याकूब गांव के निवासी थे और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम पार्टी के प्रदेश सचिव थे।
मृतक एआईएमआईएम के नेता ने गोपालगंज विधानसभा सीट से उप चुनाव भी लड़ा था और तीसरे नंबर पर आए थे। एसपी ने इस हत्याकांड के बाद मृतक के बेटे को सुरक्षा मुहैया कराई है। पुलिस घटना के बाद एक-एक बिंदु पर जांच कर गतिविधियों पर नजर रख रही है। एसपी ने बताया कि यह हत्या राजनीतिक नहीं है, यह आपसी रंजिश में हत्या की गई है।
[ad_2]
Source link