[ad_1]

भयंकर लूटपाट
– फोटो : अमर उजाला डिजिटल
विस्तार
नालंदा में नकाबपोश बदमाशों ने शनिवार की रात किराना व्यवसायी के घर में डकैती किया। इस घटना में नकाबपोश डकैतों ने परिवार को पहले बंधक बनाया और फिर लूट-पाट किया। इस दौरान डकैतों ने दंपती के साथ मारपीट भी की। घटना रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहद्दीनपुर स्थित कमरपुर मोड़ के समीप की है। डकैती की घटना कमलेश कुमार के घर स्थित दुकान में हुई है।
घर के मुख्य दरवाजे का ताला काट घुस गये डकैत
घटना के संबंध में पीड़िता रिंकू कुमारी का कहना है कि शनिवार-रविवार की रात 12:15 बजे नकाबपोश डकैतों ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला काट घुस गये और गाली-गलौज करते हुए बंदूक की नोक पर मारपीट करते हुए बंधक बना लिया। मारपीट के डर से घर के स्टोरबेल और बक्सा-गोदरेज की चाभी उन्होंने दे दिया। गृह स्वामी का कहना है कि घर में सवा घंटे तक रुक कर नकाबपोश बदमाशों ने करीब 20 लाख के जेवरात और 3 लाख नगद लूट लिये।
सात-आठ की संख्या में थे लूटेरे
गृह स्वामी ने बताया कि 7 से 8 की संख्या में घर में घुसे नकाबपोश डकैतो ने उन्हें और उनकी पत्नी को बंधक बना लिया। परिजनों ने बताया कि डकैतों ने बड़े बुजुर्ग लोगों के साथ साथ बच्चों को भी अपने कब्जे में ले लिया। सभी को घर के एक कमरे में बंद कर दिया और बक्से एवं स्टोर वेल का ताला तोड़कर गहने-जेवरात एवं नगदी लूट लिए। डकैतों के जाने के बाद किसी तरह से वे लोग बंधन मुक्त हुए और कमरे का दरवाजा तोड़ कर घर के बाहर आए और इसकी सूचना पास के लोगों और स्थानीय पुलिस को दी गई।
ग्रामीणों ने दी थी 50 लाख के गहना होने की जानकारी
गृह स्वामी का कहना है कि नकाबपोश डकैत क्षेत्रीय भाषा में बातचीत कर रहे थे। वे हथियार, रॉड और कटर से लैस थे। डकैतों का कहना था कि उन्हें गांव के ही लोगों ने घर में 50 लाख के करीब जेवरात रहने की बात बताई थी। दंपती घर में ही किराना दुकान चलाते हैं। पति-पत्नी के अलावा घर में दो बच्चे मौजूद थे। घटना के बाद पूरा परिवार डरा सहमा हुआ है।
एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम कर रही जांच
रहुई थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि मेंन गेट का ताला तोड़ कर परिवार को बंधक बना घटना को अंजाम दिया गया है। एफएसएल एवं डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा।
[ad_2]
Source link