[ad_1]

घायल किसान की मदद करता युवक, झड़प के दौरान का दृश्य और मौके पर तैनात पुलिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के बक्सर के चौसा में निर्माणाधीन 1320 मेगावाट थर्मल पावर प्लांट के गेट पर धरना दे रहे किसानों ने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ भारी बवाल कर दिया। इस घटना में डीएसपी समेत की कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। दरअसल, प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को धरना स्थल से बलपूर्वक हटाने का प्रयास किया था। इससे आक्रोशित हुए किसानों ने प्रशासनिक टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान किसान और कुछ पुलिसकर्मी जख्मी हुए हैं। किसानों ने मौके पर मौजूद प्रशासन की चार गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। किसानों के भारी विरोध को देखते हुए प्रशासनिक टीम को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा है। हालांकि कौन-कौन से पुलिसकर्मी जख्मी हुए, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।
जानकारी के मुताबिक, कुछ पुलिस पदाधिकारी को भी चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। घटनास्थल पर स्थानीय मुफस्सिल थाने के साथ ही राजपुर, धनसोई समेत जिलेभर की पुलिस टीम और वरीय अधिकारी मौजूद हैं।
गौरतलब है कि किसान अपनी 11 सूत्री मांगों के समर्थन में निर्माणाधीन थर्मल पावर प्लांट के मुख्य गेट पर ही धरना दे रहे थे, जिससे काम ठप हो गया था। जबकि प्रशासनिक टीम और पुलिस उन्हें कंपनी के गेट से अलग हटकर धरना देने की बात कह चुके थे। लेकिन किसान झुकने को तैयार नहीं थे। सोमवार को बक्सर एसडीओ धीरेंद्र कुमार मिश्रा, सदर डीएसपी धीरज कुमार और कंपनी के नए मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी के साथ किसानों की वार्ता असफल हो गई थी।
यही कारण है कि पुलिस-प्रशासन किसानों के साथ बलपूर्वक निपटने की रणनीति बनाकर पहुंचा था। हालांकि पिछले वर्ष भी प्रशासन और स्थानीय किसानों का टकराव हो चुका था। तब काफी सियासी ड्रामा भी हुआ था। तब राष्ट्रीय स्तर के किसान नेता राकेश टिकैत समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेता यहां पहुंचे थे और किसानों को न्याय दिलाने का वादा किया था। इसके बावजूद किसानों को न्याय नहीं मिल सका है। यही कारण है कि किसान लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस घटना को लेकर स्थानीय प्रशासन से संपर्क स्थापित करने का प्रयास किया गया। लेकिन प्रशासनिक टीम से बात नहीं हो सकी, जिस कारण उनका पक्ष नहीं लिया जा सका। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बुधवार को हुई घटना में एसडीपीओ धीरज कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी चंदन कुमार झा का सिर फूटा है। वहीं, कई महिला सब इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। डीएसपी का थाने में इलाज चल रहा है और थानाप्रभारी प्लांट के अंदर घिरे हैं।
[ad_2]
Source link