[ad_1]

दूल्हे के चचेरे भाई की मौत के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रैक्टर में लगाई आग
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बिहार के समस्तीपुर में शादी समारोह से लौट रहे बारातियों से भरे ऑटो और सड़क निर्माण में जुटे ट्रैक्टर के बीच हुई सीधी टक्कर में दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई। जबकि इस हादसे में आठ अन्य लोग घायल हो गए। यह हादसा जिले के विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के साहिट वृंदावन तीनमुहानी गांव के पास सोमवार रात को हुआ।
वहीं, मृतक की पहचान मोहिउद्ददीननगर थाना क्षेत्र के मनियर गांव निवासी बेचन राम के बेटे नंदलाल राम (48) के रूप में की गई है। जबकि घायलों में माला देवी, सरस्वती देवी, प्रेम राम, रामराम, अजय राम, राधा देवी और प्रिंस कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज सरकारी और निजी अस्पताल में कराया जा रहा है।
उधर, घटना से आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर सड़क जाम कर देर रात तक यातायात ठप रखा। इसके साथ ही लोगों ने सड़क निर्माण में जुटे उक्त ट्रैक्टर में आग लगा दी, जिससे ट्रैक्टर धू-धू कर जल गया। बाद में घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझा कर मामला शांत कराया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की रात मोहिउद्ददीननगर के मनियर गांव निवासी सखी चंद्र राम के बेटे रमेश कुमार की शादी विद्यापतिधाम मंदिर में वैशाली के जनदाहा निवासी उषा कुमारी के साथ थी। शादी के बाद परिवार के लोग एक ऑटो में बैठक कर वापस घर मनियर लौट रहे थे। दूल्हा और दुल्हन बोलेरो कार में थे।
लोगों ने बताया कि ऑटो जैसे ही साहिट गांव के वृंदावन तीनमुहानी के पास पहुंचा कि सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उसकी टक्कर हो गई। इस घटना में मौके पर ही दूल्हे के चचेरे भाई की मौत हो गई, जिसके बाद लोग आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम शुरू कर दिया। वहीं ट्रैक्टर में भी आग लगा दी। घटना के बाद जुटे स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया। शादी के बाद लोग जितने खुश थे, इस घटना के बाद खुशी का माहौल गमगीन हो गया। पीड़ित परिवारों के बीच चीख-पुकार मच गई।
वहीं, पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया था। लोगों को समझा-बुझा कर सड़क जाम खत्म कराया गया। आक्रोशित लोगों ने ट्रैक्टर में आग लगा दी थी। मृतक के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
[ad_2]
Source link