फॉर्महाउस में सेक्स रैकेट चलाने के आरोपी मेघालय भाजपा के उपाध्यक्ष बर्नार्ड एन मारक को गिरफ्तार कर लिया गया है। 24 जुलाई को इस मामले के खुलासे के बाद से वो फरार चल रहे थे। आज शाम उन्हें उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया। अब उन्हें सेक्स रैकेट वाले मामले में आगे की कार्रवाई के लिए मेघालय पुलिस को सौंपा जाएगा। बता दें कि आज ही मेघालय पुलिस ने भाजपा नेता बर्नार्ड एन मारक के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था।
सेक्स रैकेट चलाने वाले बीजेपी नेता बर्नार्ड एन मराक मेघालय से भागकर दिल्ली आ रहे थे। इसी दौरान यूपी के हापुड़ में उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी की पुष्टि मेघालय के डीजीपी एलआर बिश्नोई ने की है। डीजीपी ने बताया कि मराक को हापुड़ जिले से गिरफ्तार किया गया है। मेघालय पुलिस ने उनको तलाशने के लिए अलर्ट जारी किया था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की चेकिंग के दौरान मराक को गिरफ्तार किया गया।उल्लेखनीय हो कि मेघालय के वेस्ट गारो हिल्स जिले में बीते 24 जुलाई को छापेमारी कर पुलिस ने एक बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा किया था। यह सेक्स रैकेट बीजेपी नेता मराक के फॉर्महाउस से चलाया जा रहा था। छापेमारी के बाद से मराक फरार थे। वेस्ट गारो हिल्स जिले की पुलिस ने दावा किया था कि उसने बर्नार्ड के फॉमहाउस से छह बच्चों सहित 75 लोगों को गिरफ्तार किया था।