Delhi News: देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें ऑनलाइन बेचने वाला गिरफ्तार

[ad_1]



देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें ऑनलाइन बेचने वाला गिरफ्तार

आरोपी ने खुद की अपराध किया फिर फर्जी नाम से दिल्ली महिला आयोग में की शिकायत

बिहार निवासी युवक राहुल को फंसाने के लिए रची थी साजिश, आरोपी पुलिस रिमांड पर

अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने फर्जी ई-मेल खातों का इस्तेमाल कर हिंदू देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें ऑनलाइन प्रसारित करने और बेचने के आरोप में हरिद्वार निवासी आदर्श सैनी (21) को गिरफ्तार किया है। बिहार निवासी युवक राहुल को फंसाने के लिए आरोपी ने यह साजिश रची थी। आरोपी ने इन तस्वीरों को प्रसारित करने के लिए राहुल के नाम से फर्जी ई-मेल का इस्तेमाल किया। इसके बाद अपूर्वा वर्मा के नाम से कानून प्रवर्तन अधिकारियों और दिल्ली महिला आयोग में शिकायतें दर्ज करा दीं। पुलिस ने आदर्श को रिमांड पर लिया है।

इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (आईएफएसओ) के पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवारी ने बताया कि अपूर्वा वर्मा की ओर से हिंदू देवी-देवताओं की आपत्तिजनक तस्वीरें के ऑनलाइन प्रसार के संबंध में 29 अक्तूबर को दिल्ली महिला आयोग से शिकायत की गई थी। महिला आयोग ने यह शिकायत आईएफएसओ को भेजी। इसके बाद मामला दर्जकर एसीपी जयप्रकाश व विजय गहलावत की देखरेख में इंस्पेक्टर अवधेश, एसआई महेश कुमार, एसआई हरजीत सिंह और एएसआई सुरेंद्र की टीम ने जांच शुरू की।

एसीपी गहलावत को जांच में पता लगा कि जिन मेल आईडी से तस्वीरें प्रसारित की जा रही हैं, वह राहुल कुमार के नाम से बना है। राहुल आपत्तिजनक सामग्री के इच्छुक खरीदारों से धन प्राप्त करने के लिए अपने बैंक खाते का विवरण भी साझा कर रहा था। इस पर पुलिस ने दरभंगा (बिहार) निवासी राहुल से पूछताछ की।

जांच में पता लगा कि राहुल की कोई भूमिका नहीं है। कोई उसे फंसाने के लिए उसके नाम और विवरण का इस्तेमाल कर रहा है। राहुल के नाम पर आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित कर झूठा मामला दर्ज किया गया। पता लगा कि नकली ईमेल के माध्यम से आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित की जा रही हैं। कड़ी छानबीन के बाद टीम ने आदर्श सैनी को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया।

ग्राहकों को गेमिंग आईडी मुहैया कराता था

आदर्श ने हाल ही में देहरादून स्थित आईएमएस यूनिसन यूनिवर्सिटी से बीबीए पूरा किया है। उसने विभिन्न ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म पर गेमिंग का काम करना शुरू कर दिया है। उसने गेमिंग वेबसाइट बनाई थी और ग्राहकों को गेमिंग आईडी मुहैया कराता था और बदले में उसे कुछ कमाई होती थी।

व्यवसाय में घाटा होने पर रची साजिश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राहुल कुमार नामक युवक ने गेमिंग वेबसाइट बनाई, जो आदर्श सैनी की वेबसाइट से मिलती-जुलती थी। इस कारण आरोपी के व्यवसाय में काफी कमी आई। ऐसे में बदला लेने के लिए उसने राहुल कुमार को फर्जी मामले में फंसाने की साजिश रची। आरोपी ने राहुल के सभी विवरण प्राप्त किए और उसका उपयोग करके आपत्तिजनक सामग्री ऑनलाइन प्रसारित कीं।

बरामद सामान

आरोपी के पास से एक लैपटॉप और दो मोबाइल बरामद किए गए हैं। इनमें सभी आपत्तिजनक तस्वीरें और सामग्री हैं। उसके घर से ऑनलाइन आपराधिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वाई-फाई राउटर भी बरामद किया गया है।

खुद ही शिकायत कर दी थी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राहुल के नाम पर आपत्तिजनक सामग्री ऑनलाइन प्रसारित करने के बाद आरोपी ने अपूर्वा वर्मा के फर्जी नाम से कानून प्रवर्तन अधिकारियों और दिल्ली महिला आयोग में विभिन्न शिकायतें दर्ज कराई थीं। वहीं, राहुल ने लगातार कानूनी कार्रवाई करने का प्रयास किया।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *