[ad_1]
तीन सितंबर को पीरागंढ़ी-मंगोलपुर गांव में महापंचायत में रणनीति का ऐलान करेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राजधानी के ग्रामीण एमसीडी की ओर से हाउस टैक्स के नोटिस भेजने व मकान और दुकान सील करने से खफा हैं। वह इस मामले में आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। इस संबंध में वह तीन सितंबर को पीरागंढ़ी-मंगोलपुर गांव में महापंचायत में अपनी रणनीति का ऐलान करेंगे। उन्होंने महापंचायत करने के लिए सोमवार को पीरागढ़ी गांव में पंचायत की। फैसला लिया कि महापंचायत को सफल बनाने व ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए प्रत्येक गांव में पंचायत करेंगे।
इस मौके पर चौ. सुरेंद्र सोलंकी ने कहा कि गांवों में हाउस टैक्स के नोटिस भेजने व सीलिंग कार्रवाई करना दुर्भाग्यपूर्ण कदम है, जबकि ग्रामीणों ने दिल्ली के विकास में अहम भूमिका निभाई है। इस कारण ग्रामीणों को परेशान करने के बजाय उनको राहत देने की आवश्यकता है, क्योंकि उनकी कृषि भूमि का कोड़ियों के भाव अधिग्रहण किया गया है, वहीं सरकार उनकी भूमि से मालामाल हो गई, मगर अब गांवों के साथ वर्षों से हो रहे सौतेले व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की कि सरकार ग्रामीणों की समस्या दूर करने के लिए जल्द कदम उठाए, अन्यथा वह तीन सितंबर को आंदोलन शुरू करनेे का ऐलान करेंगे। वह इन मामलों में कई बार उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री सेे गुहार कर चुके हैं, मगर उनकी मांगों पर विचार नहीं किया जा रहा है। पंचायत में बवाना 52वीं के प्रधान चौधरी दारा सिंह, लाडो सराय 96 के प्रधान चौधरी नरेश, सुरेहडा 18 के प्रधान राव त्रिभुवन, कराला 17 के जयपाल, नांगलोई नौ के प्रधान सुरेश शौक़ीन, महिपालपुर 12 के जगदीप सहरावत, इन्द्रजीत, राजपाल बुरा, विजेंदर पहलवान आदि मौजूद थे।
[ad_2]
Source link