Delhi Police: लाइव लोकेशन से खुली मुस्तैदी की पोल- कहीं थाने में बैठकर हो रही गश्त, तो कहीं सोते मिले ‘साहब’

[ad_1]

Delhi Police's alertness revealed through live location

दिल्ली पुलिस
– फोटो : फाइल फोटो

विस्तार


प्रगति मैदान टनल में दिनदहाड़े लूट की घटना के बाद दिल्ली का सियासी माहौल इन दिनों गरमाया हुआ है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार हमला बोल रहे हैं। वहीं, उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त समेत सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को खास कर रात के समय गश्त पर उतरने के आदेश दिए है। ऐसे में भी दिल्ली के कुछ थानेदार लापरवाही बरतने से बाज नहीं आ रहे हैं। कनॉट प्लेस थानाध्यक्ष की लापरवाही लाइव लोकेशन से सामने आई है। वह थाने में थे और डीसीपी के पूछने पर बताया कि मंदिर के पास गश्त कर रहे हैं। वहीं, सनलाइट कॉलोनी के थानाध्यक्ष विजय सनवाल थाने में सो रहे थे और जिले के डीसीपी-एक हर्ष इंदोरा उनके इलाके में गश्त कर रहे थे।

डीसीपी ने मांगी लोकेशन तो खुली पोल

नई दिल्ली जिले के डीसीपी प्रवण तायल ने मंगलवार शाम छह बजे नई दिल्ली जिले के सभी थानाध्यक्षों की लाइव लोकेशन मांगी। डीसीपी ने सभी की लाइव लोकेशन देखी तो कनॉट प्लेस थानाध्यक्ष उपेंद्र को छोड़कर सभी गश्त कर रहे थे। इस पर डीसीपी ने उनसे कहा कि वह गश्त क्यों नहीं कर रहे हैं तो इंस्पेक्टर उपेंद्र ने कहा कि वह पास स्थित हनुमान मंदिर में हैं। बाद में डीसीपी को पता लगा कि वह थाने में ही है।

इसके बाद डीसीपी ने उन्हें इलाके में गश्त करने के आदेश दिए। हनुमान मंदिर व थाने पास में ही हैं। ऐसे में लोकेशन थाने की ही आती है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि उस समय थानाध्यक्ष उपेंद्र थाने में ही मौजूद थे। डीसीपी की ओर से लाइव लोकेशन मांगना और थानाध्यक्ष के मंदिर में होने की बात कहना बुधवार को दिल्ली पुलिस मुख्यालय व महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ था।

थानाध्यक्ष से लाइव लोकेशन मांगी थी- डीसीपी

डीसीपी प्रवण तायल ने बताया कि उन्होंने कनॉट प्लेस थानाध्यक्ष से लाइव लोकेशन मांगी थी। थानाध्यक्ष ने कहा था कि वह मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को देख रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह अपराध को रोकने के लिए गश्त पर जोर देंगे।

थानाध्यक्ष सो रहे थे और डीसीपी गश्त करते हुए थाने पहुंचे-

सनलाइट कॉलोनी थानाध्यक्ष की भी बड़ी लापरवाही सामने आई है। दक्षिण-पूर्व जिले के डीसीपी-एक हर्ष इंदौरा गश्त करते हुए सनलाइट कॉलोनी थाने पहुंच गए। उस समय थानाध्यक्ष विजय सनवाल अपने रेस्ट रूम में सो रहे थे। दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार पुलिस मुख्यालय के आदेशानुसार डीसीपी मंगलवार रात को जनरल गश्त पर थे। गश्त करते हुए वह 11.10 बजे सनलाइट कॉलोनी थाने पहुंचे। वहां उन्होंने पाया कि थानाध्यक्ष विजय सनवाल सो रहे थे। ऐसा कर उन्होंने पुलिस मुख्यालय के दिशानिर्देशों का उल्लंघन किया है। डीसीपी ने थाने में जाकर जब थानाध्यक्ष को रेस्टरूम से बाहर बुलाया तो थानाध्यक्ष ने बाहर आने में 10 मिनट लगा दिए। वह गश्त नहीं करने के कारण नहीं बता सके।

सनलाइट कॉलोनी की ओर से उपरोक्त कृत्य बहुत ही संवेदनहीन, गैर-पेशेवर और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी निर्देशों का घोर उल्लंघन था। डीसीपी-एक ने ये जानकारी जिले के सीनियर पुलिस अधिकारियों को दी। इसके बाद सनलाइट कॉलोनी थानाध्यक्ष विजय सनवाल को लाइन हाजिर कर दिया गया और उन्हें डीसीपी कार्यालय में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया।

ऑपरेटर ने वॉयरलेस सेट को बंद कर लिया था…

सनलाइट कॉलोनी थाने के सूत्रों का कहना है कि एसएचओ के ऑपरेटर सोनल ताशी ने वॉयरलेस सेट बंद कर लिया था। डीसीपी हर्ष इंदौरा की ओर से तीन बार मैसेज दिया गया था। सेट बंद होने से थानाध्यक्ष को डीसीपी के आने का मैसेज नहीं पहुंच पाया। ये भी कहा जा रहा है कि थानाध्यक्ष इलाके में गश्त करके थाने गए थे।

[ad_2]

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *