[ad_1]

जामा मस्जिद
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
एक माह चले पवित्र रमजान के बाद बुधवार शाम आखिर ईद के चांद के दीदार हो गए। दिल्ली की जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद के इमामों ने दिल्ली समेत देशभर में चांद देखे जाने की तस्दीक कर दी। चांद देखे जाने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी। इसके बाद लोग ईद की खरीदारी में मशगूल हो गए।
फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में चांद देखा गया। इस मौके पर मौलाना ने कहा कि ईद मोहब्बत का त्योहार है। इसे सभी धर्मों के लोगों को मिलकर जुलकर मनाना चाहिए। शाही इमाम ने ईद की मुबारकबाद देते हुए लोगों से मुल्क के लिए अमन व शांति की दुआएं करने के लिए कहा। इमाम ने बताया कि दिल्ली की जामा मस्जिद में ईद की नमाज 6.30 बजे अता की जाएगी। वहीं, फतेहपुरी मस्जिद में नमाज 7.30 बजे अता की जाएगी। इधर, चांद दिखते ही पूरे दिल्ली-एनसीआर में मुबारकबादों का सिलसिला शुरू हो गया। लोग एक-दूसरे को फोन, व्हाट्सएप, एसएमएस के जरिए बधाई देते हुए नजर आए।
वहीं, चांद दिखने के बाद लोगों ने ईद की बची हुई तैयारियां शुरू कर दीं। लोग इत्र, टोपी, सेवइयां और दूसरे ड्राइफ्रूट खरीदते हुए नजर आए। पुरानी दिल्ली के अलावा, जामिया नगर, सीलमपुर, जाफराबाद, निजामुद्दीन समेत दूसरे बाजारों में भीड़ बढ़ गई। यह सिलसिला पूरी रात चला। ईद को लेकर बच्चे खासे उत्साहित दिखे।
[ad_2]
Source link