[ad_1]
वायुमंडल में छाए कोहरे के छंटने से सूरज की किरणें जमीन तक पहुंची। इससे बीते दो दिनों में अधिकतम तापमान में नौ डिग्री और न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान जहां 19.8 और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कोहरे की वजह से दिल्ली से आने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनें शुक्रवार को भी लेट से गोरखपुर पहुंचीं। सुबह 9:45 बजे गोरखपुर पहुंचने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस सात घंटे देर से शाम 4:30 बजे पहुंची। ट्रेनों की इस कदर लेटलतीफी से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।
कड़ाके की ठंड में ट्रेन के इंतजार में यात्री और उनके घरवाले परेशान हो रहे हैं। स्टेशन पर सर्द हवाओं के बीच उन्हें घंटों गुजारना पड़ रहा है। इसी तरह सप्तक्रांति एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से आई। इसके अलावा बाघ एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, अवध एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से रेलवे स्टेशन पहुंची।
मुंबई से गोरखपुर आने वाली स्पाइस जेट और इंडिगो, दोनों ही फ्लाइट शुक्रवार को देर से पहुंची। खराब मौसम की वजह से सुबह 10:15 बजे आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट 2:45 घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। उसी समय हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट के लैंड कर जाने से मुंबई की स्पाइस जेट की फ्लाइट को आधे घंटे तक रनवे पर ही खड़ा करना पड़ा।
इसी फ्लाइट से गायक सोनू निगम भी गोरखपुर महोत्सव में शामिल होने आ रहे थे। ऐसे में पहले देर से पहुंचने और फिर रनवे पर ही विमान के खड़ा हो जाने से सोनू निगम समेत सभी यात्री परेशान हुए। वहीं शाम 5:30 बजे मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट भी एक घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची।
[ad_2]
Source link